Janmashtami 2025: हिंदू धर्म में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक माना जाता है। इस दिन भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। हर साल भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र में श्री कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस साल जन्माष्टमी 16 अगस्त को मनाई जा रही है। इस दिन रात 12 बजे कान्हा का धूमधाम से जन्मोत्सव मनाया जाता है और भव्य श्रृंगार के साथ 56 भोग अर्पित करते हैं। इसके साथ ही झूले में झुलाकर लीलाओं का स्मरण करते हैं। इस दिन दिनभर व्रत रखने का विधान है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जन्माष्टमी के दिन कुछ विशेष वस्तुओं को घर में लाने से लड्डू गोपाल अति प्रसन्न होते हैं और सुख-समृद्धि, धन-संपदा का आशीर्वाद देते हैं। आइए जानते हैं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले किन चीजों को घर लाना शुभ हो सकता है…
लड्डू गोपाल की मूर्ति
शास्त्रों में माना जाता है कि अगर आप लड्डू गोपाल की विधिवत तरीके से सेवा कर पाते हैं, तो घर पर जरूर स्थापित करना चाहिए। ऐसे में आप चाहे, तो लड्डू गोपाल की मू्र्ति घर ले आएं। इसके साथ ही जन्माष्टमी के दिन स्थापित करने के साथ विधिवत स्नान करने के बाद श्रृंगार करें और झूला झुलाएं।
जन्माष्टमी पर लाएं बांसुरी
भगवान कान्हा को बांसुरी अति प्रिय है। ऐसे में आप जन्माष्टमी पर बांसुरी अवश्य खरीदकर लाएं। इसे आप लड्डू गोपाल के पास मंदिर में रख सकते हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में पूर्व, उत्तर, या उत्तर-पूर्व दिशा में इसे टांगे। ऐसा करने से वास्तु दोष दूर होने के साथ-साथ सुख-समृद्धि, धन-संपदा की प्राप्ति होती है।
जन्माष्टमी पर लाएं मोर पंख
लड्डू गोपाल के मुकुट पर हमेशा मोरपंख होता है। इसे राधा का प्रेम का प्रतीक माना जाता है। इसलिए वास्तु दोष दूर करने से लेकर श्री कृष्ण और राधा रानी की कृपा पाने के लिए जन्माष्टमी के दिन या उससे पहले मोर पंख अवश्य खरीद लें।
जन्माष्टमी पर लगाएं तुलसी
भगवान विष्णु सहित उनके अन्य अवतार को भोग लगाते समय तुलसी दल रखना जरूरी माना जाता है। इसके बिना वह भोग स्वीकार नहीं करते हैं। ऐसे में जन्माष्टमी के दिन आप भी घर पर तुलसी का पौधा लगा सकते हैं। इससे श्री कृष्ण के साथ-साथ मां लक्ष्मी का भी आशीर्वाद प्राप्त होगा।
जन्माष्टमी पर लाएं पीले वस्त्र
पीला रंग भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण को अति प्रिय है। जन्माष्टमी के दिन लड्डू गोपाल के लिए पीले रंग के वस्त्र ले कर आएं। इसके अलावा स्वयं के लिए भी पीले रंग के वस्त्र लेकर आएं। जन्माष्टमी पर इस रंग के वस्त्र धारण करने से भाग्य प्रबल होता है।
अगस्त माह का पहला सप्ताह कई राशि के जातकों के लिए खास हो सकता है। इस सप्ताह बुध कर्क राशि में उदित होने वाले हैं। इसके अलावा इस सप्ताह समसप्तक, षडाष्टक, गजलक्ष्मी, नवपंचम, महालक्ष्मी जैसे राजयोगों का निर्माण हो रहा है। ऐसे में कुछ राशि के जातकों को इस सप्ताह विशेष लाभ मिल सकता है। आइए जानते हैं मेष से लेकर मीन राशि तक के जातकों का कैसा बीतेगा ये सप्ताह। जानें साप्ताहिक राशिफल
डिसक्लेमर- इस लेख को विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।