हिंदू धर्म में आस्था रखने वालों के लिए शिवपुराण का खास महत्व है। शिवपुराण में एक खुशहाल जीवन के लिए कई सारे उपाय बताए गए हैं। ऐसा कहा जाता है कि कुंडली में ग्रहों की दशा खराब होने पर व्यक्ति को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन परेशानियों को दूर करने के उपाय भी शिवपुराण में मौजूद हैं। आज हम आपको बताएंगे कि खुशियों के लिए सप्ताह के सातों दिन कौन-कौन से उपाय करने चाहिए।
रविवार: इस दिन सूर्य देव की उपासना करना काफी शुभ माना गया है। इसके लिए स्नान करने के बाद सूर्य देव को जल चढ़ाना चाहिए। साथ ही किसी गरीब को गुड़ का दान करना फलदायी माना गया है।
सोमवार: सोमवार को चंद्रमा का दिन माना जाता है। शिवपुराण में कहा गया है कि सोमवार को किसी गरीब व्यक्ति को उसकी पत्नी के साथ भोजन कराना चाहिए। इसके साथ ही इस दिन शिव जी को खीर का भोग लगाना चाहिए।
मंगलवार: इस दिन महाकाली की पूजा करने के लिए कहा गया है। पूजा के बाद गरीब को भोजन में उड़द, मूंग या तुवर की दाल जरूर खिलाएं। इससे स्वास्थ्य लाभ मिलने की बात कही गई है।
बुधवार: शिवपुराण में भी कहा गया है कि बुधवार को भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करनी चाहिए। गणेश जी की पूजा में दूर्वा और दूध से बने पकवानों का भोग जरूर लगाना चाहिए। इससे पारिवारिक जीवन में खुशियां आती हैं।
गुरुवार: इस दिन बृहस्पति देव की आराधना करनी चाहिए। इस आराधना से आयु बढ़ने की मान्यता है। इसके साथ ही गुरुवार को भगवान शंकर भी पूजा को काफी शुभ माना गया है।
शुक्रवार: शिवपुराण में कहा गया है कि शुक्रवार सुविधा की चीजों का कारक होता है। इस दिन किसी गरीब महिला को सुहाग का सामान और अन्न दान करना चाहिए।
शनिवार: शनिवार शनि देव का दिन है। शनि देव मृत्यु के भय को दूर करते हैं। इन दिन शिवलिंग पर तिल चढ़ाना शुभ माना गया है। साथ ही किसी गरीब को तिल से बना भोजन कराना चाहिए।