Falgun Purnima, Laxmi Jayanti, Holika Dahan 2021 Date: फाल्गुन पूर्णिमा इस साल 28 मार्च को है। माना जाता है कि इस तिथि पर माता लक्ष्मी का अवतरण हुआ था। इसलिए इस दिन लक्ष्मी जयंती भी मनाई जाती है। इसी के साथ होलिका दहन पर्व भी इसी पूर्णिमा को मनाया जाता है। फाल्गुन पूर्णिमा को वसंत पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन चैतन्य महाप्रभु की जयंती भी है। जानिए इस दिन किन खास उपायों को करने से घर में सुख समृद्धि आने की मान्यता है…

लक्ष्मी जयंती का महत्व: पुराणों के अनुसार जब देव और दानवों के बीच समुद्र मंथन हुआ था तब मां लक्ष्मी का अवतरण हुआ था। जिस दिन मां लक्ष्मी समुद्र मंथन से अवतरित हुई उस दिन फाल्गुन मास की पूर्णिमा थी। कहा जाता है कि लक्ष्मी जयंती के दिन मां के 1008 नामों का उच्चारण करने से हर प्रकार की बाधा से मुक्ति मिल जाती है। जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहे इसके लिए इस दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान कर साफ वस्त्र पहनकर मां लक्ष्मी की पूजा करनी चाहिए। मां लक्ष्मी को लाल रंग का फूल जरूर अर्पित करें। इसके बाद मां को सिंदूर लगाएं और इत्र भी चढ़ाए।

मां लक्ष्मी के प्रभावशाली मंत्र: मान्यता है मां लक्ष्मी के इन मंत्रों का जाप करने से जीवन में आ रही सभी आर्थिक समस्याओं से छुटकारा मिल जाता है। मां लक्ष्मी के मंत्र जाप से आर्थिक संकट तो दूर होती ही हैं साथ ही घर में सुख-समृद्धि भी बनी रहती है।
ॐ धनाय नम:
धनाय नमो नम:
ओम लक्ष्मी नम:
ॐ ह्रीं ह्रीं श्री लक्ष्मी वासुदेवाय नम:

सुख-समृद्धि के लिए फाल्गुन पूर्णिमा के ज्योतिषीय उपाय:
-दक्षिणावर्ती शंख से लक्ष्मी माता का अभिषेक करें। माना जाता है कि शंख माता लक्ष्मी का भाई है जिसकी उत्पत्ति समुद्र मंथन से हुई मानी जाती है।
-धन प्राप्ति के लिए फाल्गुन पूर्णिमा पर माता लक्ष्मी की पूजा के बाद पांच या सात कुंवारी कन्याओं को खीर खिलाएं और सामर्थ्य अनुसार वस्त्र आदि दान करें। मान्यता है कि ऐसा करने से मां जल्दी प्रसन्न हो जाती हैं।
-लक्ष्मी जयंती की पूजा के समय कौड़ी, हल्दी की गांठ, केसर और चांदी के सिक्के रखकर पूजा करें। पूजा समाप्त होने के बाद इन सब चीजों को किसी पीले वस्त्र में बांधकर धन स्थान पर रख दें। इससे लाभ मिलने की मान्यता है।
-सुख-समृद्धि बनी रहे इसके लिए फाल्गुन पूर्णिमा और लक्ष्मी जयंती के दिन जरूरतमंदों को कुछ दान जरूर करें।
-धार्मिक मान्यता के अनुसार फाल्गुन पूर्णिमा का उपवास रखने से मनुष्य के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।