यह महालक्ष्मी वर्ष वक्त की शाख़ पर कुछ नये रंग उगा रहा है और आने वाले समय की निराली तस्वीर बना रहा है। अगले वर्ष दो संवत्सरों से मिलकर बनेगा, सम्वत् 2079 और सम्वत् 2080। साथ ही 21 मार्च 2023 से पहले सम्वत् 2079 वजूद में होगा और 22 मार्च 2022 से सम्वत् 2080 अस्तित्व में आएगा।  

सम्वत्सर 2079  के राजा शनि और मंत्री बृहस्पति हैं। सनद रहे कि इस योग-संयोग ने 2022 में विचित्र प्रकार के कष्टों का सृजन किया। धनेश शनि के कारण मार्च 2023 तक धन की भारी कमी महसूस होगी। महंगाई से लोग बेहाल रहेंगे । क्या आम क्या खास सब के सब बदहाल रहेंगे। कारोबारी भी धन की कमी से उलझे रहेंगे। मंगल के कारण तिलहन के भाव में लगी आग मार्च तक सुलगती रहेगी। रसीले खाद्य पदार्थों की कीमतें भी आसमान चूमेगी। शुक्र से रसीले पदार्थों की प्रचुरता होगी।

 साथ ही होटल, वस्त्र, आभूषण उद्योग में 17 जनवरी तक कमजोरी परिलक्षित होगी। शनि से सोना, मोती, कपूर, तिलहन, स्टील, लोहा, सीसा, टीन, जस्ता, और सुगंध के भाव तेजी दर्ज होगी। कपड़ों और चांदी के भाव में जनवरी मध्य के बाद उछाल आ सकता है। बुध के कारण फूलों की पैदावार उत्तम होगी। देश या दुनिया किसी या कई बड़े घोटाले का भंडाफोड़ से राजाओं की परेशानी बढ़ सकती है।  युद्ध, विमान, रेल की ख़राबी और सड़क दुर्घटना से हानि होगी। प्राकृतिक आपदाएं बेचैन करेंगी। अग्निकाण्ड, मिसाइल हमले या जल प्लावन से विश्व में हानि होगी। भूकम्प से धरती कंपित होगी। कई नकारात्मक घटनाओं का असर एशिया से ज़्यादा यूरोपीय देशों पर पड़ेगा। सूर्य के कारण अपार कष्टों का सृजन होगा।

वहीं शुक्र की वजह से नामचीन लोगों पर मुसीबतों का पहाड़ टूटेगा। कई बड़े लोगों के अवसान का योग निर्मित हो रहा है। बुध के कारण लेखन क्षेत्र से जुड़े लोगों को फायदा होगा। नए प्रकार के कंटेंट क्रिएटर की मांग बढ़ेगी। कवियों और पत्रकारों के असर में वृद्धि होगी। ज्योतिषियों और वर्तमान  के सुराख़ से भविष्य में झांकने वालों की पूछ होगी। मंगल से अधिकारियों और नेताओं के क्रूर आचरण से जनता को अपार पीड़ा पहुंचेगी। नीति निर्माताओं की दूरदर्शिता में कमी दिखाई देगी। शनि से लोग ज्वर के साथ कई प्रकार की छोटी छोटी बीमारियों से बड़े परेशान रहेंगे। 

साथ ही दुर्गेश बुध की वजह से बड़े लोग एक दूसरे को नीचा दिखाने का प्रयास करेंगे। राजा या राष्ट्र के मुखिया का अंतर्मन बेचैन रहेगा। अपराधियों का उपद्रव बढ़ेगा। पर प्रशासन भी हिंसक नजर आएगा। वहीं 22 मार्च 2023 से शुरू होने वाले नव संवत् 2080 के राजा बुध और मंत्री शुक्र होंगे। राजा बुध होने से जनता का स्वास्थ्य मध्यम रहेगा। लोगों में दया भाव पनपेगा। मंगल कार्यों की अधिकता होगी। चूहों और टिड्डियों से खेती पर नकारात्मक असर पड़ेगा। चंद्रमा के कारण अनाज के भाव में कम समय के लिए ही सही, मामूली कमी होगी। शनि की वजह से दूध का उत्पादन मानवीय मूल्यों की तरह गिरेगा और कीमत में उछाल दिखाई देगा। बृहस्पति के कारण संसार के कष्ट देख कर सत्ता पर आसीन लोगों को भगवान की याद आएगी। साथ ही यज्ञ व हवन के माध्यम से संपत्ति व पद का योग-संयोग निर्मित होगा।

वहीं मंगल से आमजन को अधिकारी प्रताड़ित करेंगे। लोग राज्य कर्मियों की कठोरता और आतंक से तंग और त्रस्त रहेंगे। सूर्य से लोगों में सदभाव परिलक्षित होगा। कुछ चुनिंदा अमीरों की समृद्धि और बढ़ेगी, जनता हाय हाय करेगी। असमानता में भारी वृद्धि होगी। अगले साल के मध्य से राजा को तनाव मिलेगा। राष्ट्रों के मान-सम्मान और हितों पर चोट पहुंचेगी। हिम्मत वाले अपराध जैसे डकैती, अपहरण इत्यादि में वृद्धि होगी। किसी या कई राजा, राजतुल्य या बड़े व्यक्ति का अवसान जनमानस को स्तब्ध कर देगा।

साथ ही आपको बता दें कि पश्चिमी राष्ट्रों में पुनः झड़प होगी और कई राष्ट्र युद्ध की तरफ़ बढ़ते हुए नज़र आयेंगे, पर उन्हें सुलझाने के प्रयास भी गति लेंगे। अगले वर्ष से ज्यादा आने वाले कुछ सालों में पश्चिमी देशों में कम या ज्यादा पर विनाश होगा। राजनैतिक लोगों में लिए बड़े तनाव का संकेत मिल रहे हैं। कई तरह की व्याधियां या विचित्र स्थिति देखने को मिलेगी। कई तरह की दुर्घटनाओं का योग अगले साल बन रहा है। सीमा पर तनाव होगा। तूफान व अग्निकांड से जनधन की क्षति का योग है। वायुयान में खराबी या वायु संबंधी दुर्घटना होगी।

साथ ही राजनीति का स्तर नया गर्त तलाश करेगा। पूर्वी भाग में कृषि को क्षति होगी। दक्षिण पश्चिमोत्तर के क्षेत्रों में अजाब जैसी बारिश से जनधन की क्षति परिलक्षित होगी। यातायात और परिवहन में विकास होगा। नवीन तकनीक  पर शोध को नया सोपान मिलेगा। शिक्षा पर बहुत काम होगा। कुछ राष्ट्रों के बिगड़े परस्पर राजनयिक सम्बन्ध अभी भी विचित्र रहेंगे। शिक्षा में विशेष कार्य और सुधार होंगे। सड़कों और राजमार्गों का निर्माण सरपट दौड़ेगा। राष्ट्रों और राजनेताओं में परस्पर तनाव और शीतयुद्ध की संभावना बलवती हो रही है। जनता बेचैन रहेगी। किसी रोग के पृथक- पृथक संस्करण की खबर आम जन के ह्रदय की धुकधुकी पुनः बढ़ाएगी। जनता को अतीत के किसी सच्चे झूठे छद्म अच्छे दिनों की याद बड़ा सताएगी। अपराधियों से आमजन त्रस्त रहेगा। शासक मस्त रहेगा।  

फिल्म उद्योग पर असर

वहीं17 जनवरी 2023 के पश्चात फिल्म उद्योग पर लगा ग्रहण उतरेगा। बड़े बजट की फिल्में उत्तम कारोबार करेंगी। छोटे बजट की फिल्में भी कमाल करेंगी। कई कलाकारों की मुश्किलों में कमी आएगी। फिल्म की कई शख़्सियतें सम्मानित होंगी।  

बाजार पर क्या होगा असर 

साथ ही बाजार और अर्थ व्यवस्था में गिरावट नजर आएगी। फिर बाजार धीरे धीरे अपनी जमीन बनाएगा। शेयर बाजार में आगामी कुछ महीनों में कोहराम मचेगा। बाजार में भारी घबराहट नजर आएगी। तेज़ड़ियों की हेकड़ी निकल जाएगी। लगातार कई करेक्शन के बाद बाजार संभालेगा। आगामी कुछ सालों में शेयर बाजार भारी तेजी का रुख करेगा। कई स्टॉक्स कई गुने की तेजी की राह में दौड़ पड़ेंगे। होटल, जूलरी, वस्त्रों, सरकारी बैंकों, पॉवर सेक्टर, सेनेटरी वेयर, फिल्म, टीवी मीडिया और मदिरा के स्टॉक्स चुपके चुपके बड़े उछाल की तरफ चल देंगे। फार्मास्यूटिकल्स के स्टॉक्स में नरमी परिलक्षित होगी। आईटी सेक्टर में न तेजी दिखाई देगी, न बड़ी मंदी। 

सोना-चांदी

पीली तथा सफेद धातुओं में गजब का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। आरम्भ में सोने चांदी में हल्की गिरावट के बाद तेज़ी नजर आएगी।  उत्तरार्ध में  इन में  पुनः गिरावट के संकेत मिल रहे हैं। भारी उतार चढ़ाव से व्यापारी वर्ग हलकान रहेगा।