हर साल हरतालिका तीज का त्योहार भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर मनाया जाता है। इस दिन भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा- अर्चना की जाती है। इस वर्ष यह व्रत 30 अगस्त को रखा जाएगा। इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के साथ व्रत रखती हैं। वहीं कुंवारी लड़कियां भी अच्छे वर की कामना के साथ इस व्रत को रखती हैं। लेकिन क्या आपको पता है इस दिन कुछ उपाय करके वैवाहिक जीवन को खुशहाल बनाया जा सकता है। साथ ही आपकी हर मनोकामना पूरी हो सकती है। इस साल हरतालिका तीज पर दो शुभ संयोग भी बन रहे हैं। जिस वजह से इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया है। आइए जानते हैं इन उपायों और शुभ संयोगों के बारे में…

बन रहे ये शुभ योग

वैदिक पंचांग के अनुसार इस साल हरतालिका तीज पर शुभ योग और हस्त नक्षत्र का संयोग बन रहा है। शुभ योग 30 अगस्त को दोपहर 1 बजकर 3 मिनट तक रहेगा। ज्योतिष के अनुसार इस योग में महादेव और पार्वती की पूजा से विशेष आशीर्वाद मिलता है। साथ ही सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। वहीं हरतालिका तीज के पर पूरे दिन हस्त नक्षत्र रहेगा। कहते हैं इस नक्षत्र में 5 तारे आशीर्वाद की मुद्रा में होते हैं। इसलिए इस दिन पूजा करने का दोगुना फल प्राप्त होता है।

ऐसे करें अभिषेक 

पति-पत्नी के बीच अगर मतभेद होते हैं तो हरतालिका तीज के दिन दूध में केसर मिलाकर माता पार्वती और भगवान शिव का अभिषेक करें। ऐसा करने से आपको मां पार्वती और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त होगा।

जल्दी बनेंगे विवाह के योग

यदि कोई कन्या विवाह योग्य है और काफी प्रयास के बाद भी विवाह नहीं हो पा रहा हो तो इस दिन वह कन्या शिव-गौरी मंदिर में जाएं और भगवान शिव और माता गौरी पर दो पान और दो सुपारी के जोड़े चढ़ाएं। ऐसा करने से जल्द ही विवाह के योग्य बनेंगे।

धारण करें गौरी- शंकर रुद्राक्ष

वैवाहिक जीवन की खुशहाली के लिए इस दिन गौरी- शंकर रुद्राक्ष का अभिषेक कर गले में धारण करें। ऐसा करने से आपके वैवाहिक जीवन में हमेशा मिठास बनी रहेगी।

करें ये उपाय

हरतालिका तीज के दिन महिलाओं को निर्जला उपवास करना चाहिए। साथ ही सायं काल सोलह शृंगार करके किसी शिव के मंदिर में जल चढ़ाना चाहिए। साथ ही मां पार्वती को लाल रंग की चुनरी अर्पित करना चाहिए। ऐसा करने से घर में सुख- समृद्धि का वास रहता है। साथ ही पति दीर्घ आयु होता है।