Hariyali Teej Mehndi 2024: हिंदू धर्म में हरियाली तीज का पर्व बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। हर साल श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को इस पर्व को मनाया जाता है। हरियाली तीज को सावन तीज, छोटी तीज और मधुश्रवा तीज जैसे नामों से जाना जाता है। इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए निर्जला व्रत रखती हैं और शाम को चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद व्रत खोलती है। इसके साथ ही कुवांरी कन्याएं भी मनचाहा वर पाने के लिए इस व्रत को रखती हैं। व्रत रखने के अलावा इस दिन मेहंदी रखने के साथ-साथ हरे रंग की चूड़ियां, कपड़े पहनना काफी शुभ माना जाता है। आइए जानते हैं हरियाली तीज के दिन मेहंदी लगाना और हरे रंग का इस्तेमाल करना क्यों शुभ माना जाता है…
हरियाली तीज और मेहंदी का कनेक्शन
सावन माह को भोलेनाथ का महीना कहने के साथ-साथ प्रेम का माह कहा जाता है, क्योंकि इस माह भोलेनाथ का मां पार्वती से मिलन हुआ थखा। इसके अलावा मानसून का मौसम होने के कारण धरती भी हरियाली बिखेर कर अपना प्रेम दर्शाती है। इसके साथ ही इस माह हरियाली तीज का पर्व मनाया जाता है, जिसमें मेहंदी लगाना शुभ माना जाता है।
मान्यताओं के अनुसार, देवी पार्वती भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए काफी चेष्टा कर रही थी। उन्हें आकर्षित करना चाहती थी। इसके लिए उन्होंने अपने हाथों और पैरों पर मेहंदी लगाई। कहा जाता है कि ऐसा करने से भोले रीझ भी गए। इसलिए कहा जाता है कि महिलाएं भी मेहंदी इसीलिए लगाती है ताकि उन्हें भी पति का वैसा ही प्यार मिले।
धार्मिक दृष्टिकोण के अनुसार, मेहंदी का संबंध शुक्र और बुध से माना जाता है। ऐसे में मेहंदी लगाने से कुंडली में इनकी स्थिति मजबूत होगी, जिससे वैवाहिक जीवन में खुशियां बनी रहती हैं और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
हरियाली तीज में क्यों पहनते हैं हरा रंग
हरे रंग को खुशहाली, सुख- समृद्धि, सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। सावन के दौरान चारों ओर हरियाली ही हरियाली होती है। इसके साथ ही इस रंग को वैवाहिक जीवन से जोड़कर देखा जाता है।सके साथ ही हरा रंग बुध का भी होता है। इसलिए हरा रंग पहनने से मन में शांति, तनाव से मुक्ति मिलने के साथ स्फूर्ति में वृद्धि होगी।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, भगवान शिव को हरा रंग अति प्रिय है। इस माह हरे रंग की चूड़ियां और वस्त्र धारण करने से वह सौभाग्य, सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं। इसके साथ ही जीवन में खुशियां बनी रहती है।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।