हिंदू धर्म में आस्था रखने वालों के लिए वास्तु शास्त्र का विशेष महत्व है। वास्तु शास्त्र में घर की प्रत्येक वस्तु का अलग-अलग महत्व बताया गया है। वास्तु की मानें तो घर में गलत जगह पर और गलत दिशा में रखी वस्तु का उस घर के सदस्यों पर काफी बुरा असर पड़ता है। ऐसे घर से सकारात्मकता दूर हो जाती है और उस घर में नकारात्मकता अपना स्थान ले लेती है। इसके साथ ही ऐसे घर से लक्ष्मी जी नाराज हो जाती हैं और उस घर में आया धन ठहरता नहीं है। लेकिन वास्तु शास्त्र में कई ऐसे उपाय भी बताए गए हैं जिनसे वास्तु दोष दूर किया जा सकता है। इन्हीं में से एक उपाय है घर में दौड़ते हुए घोड़े की तस्वीर लगाना। चलिए विस्तार से जानते हैं कि वास्तु शास्त्र में घर में दौड़ते हुए घोड़े की तस्वीर लगाने के क्या फायदे बताए गए हैं।

बता दें कि घोड़े को ऊर्जा और ताकत का प्रतीक माना गया है। ऐसा कहा जाता है कि व्यक्ति के अंदर भी घोड़े जैसी ही ऊर्जा होनी चाहिए, ताकि वह आसानी के साथ अपने कार्यों को पूरा कर सके। कहते हैं कि जिस जगह पर घोड़े की तस्वीर रखी जाती है, वहां पर सकारात्मकता आती है। वह जगह ऊर्जा से परिपूर्ण होती है और वहां पर रहने वाले लोग बेहद ही सकारात्मक होते हैं। वास्तु के हिसाब से ऐसे लोगों में आलस्य नहीं होता और वे बड़ी ही चपलता से अपने कार्यों को निपटाते हैं।

वास्तु के मुताबिक घर में सात घोड़ों वाली तस्वीर को रखना काफी शुभ माना जाता है। ऐसी तस्वीर से घर में रहने वाले लोगों की सेहत काफी अच्छी रहती है। वे बड़ी आसानी से मुश्किल हालात का सामना कर लेते हैं। इसके साथ ही उन्हें अपने प्रयासों में सफलता भी मिलती है। बता दें कि घर की उत्तर और दक्षिण दिशा में घोड़े की तस्वीर लगाने को काफी शुभ बताया गया है। इसके साथ ही व्यक्ति को घोड़ों की तस्वीर अपने बैठने की जगह के पीछे नहीं लगानी चाहिए। इससे वह अपने जीवन में काफी व्यस्त हो जाता है।