Jyotish Gyan: ज्योतिष शास्त्र अनुसार व्यक्ति के हाथ में मौजूद रेखाएं उसके जीवन के बारे में बहुत कुछ बता देती हैं। हाथ में कई प्रकार की रेखाएं होती है। ह्रदय रेखा, पढ़ाई की रेखा, आयु रेखा, विवाह रेखा, भाग्य रेखा इन सब रेखाओं का स्थान फिक्स होता है। लेकिन हाथ में मौजूद धन रेखा किसी एक स्थान से शुरू नहीं होती बल्कि ये अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग रेखाओं और पर्वतों से मिलकर बनी होती है। जो व्यक्ति की आर्थिक स्थिति के बारे में बहुत कुछ बताती है।
सबसे पहले तो अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में जानना है तो आप अपनी हथेली के सूर्य पर्वत, शुक्र पर्वत और गुरु पर्वत को देखें। अगर ये तीनों पर्वत उठे हैं तो आर्थिक स्थिति अच्छी मानी जाती है। शुक्र पर्वत मनुष्य के भौतिक सुख को दर्शाता है, गुरु पर्वत नेतृत्व क्षमता को और सूर्य पर्वत मान-सम्मान और प्रसिद्धि के बारे में बताता है। इन तीनों चीजों के साथ होने पर ही आर्थिक स्थिति मजबूत रहती है।
हाथ में मौजूद रेखाएं कई तरह की आकृति बनाती हैं। अगर आपकी हथेली में जीवन रेखा, भाग्य रेखा और मस्तिष्क रेखा से मिलकर M बना नजर आए तो यह इस बात का संकेत है कि आप 35 से 55 वर्ष के बीच खूब धन कमाएंगे। अकसर ऐसा देखा गया है कि ऐसे लोगों के जीवन में धन का आगमन विवाह के बाद तेजी से होता है।
भाग्य रेखा को देखकर भी धन की स्थिति पता चल जाती है। अगर भाग्य रेखा मणिबंध से निकलकर सीधी शनि पर्वत पर पहुंच जाये तो व्यक्ति को जीवन में अचानक से धन लाभ हो सकता है। इनकी सफलता में मेहनत से अधिक भाग्य का हाथ होता है।
हथेली में जीवन रेखा, भाग्य रेखा, मस्तिष्क रेखा या फिर हृदय रेखा, भाग्य रेखा और मस्तिष्क रेखा से मिलकर यदि किसी त्रिकोण चिन्ह का निर्माण हो रहा है तो यह भी धनवान होने का संकेत देता है। ऐसी रेखा होने का मतलब है कि आप एक नहीं कई स्रोतों से धन कमाएंगे।
अगर कोई रेखा अंगूठे के पास से निकलकर तर्जनी उंगली यानी गुरु पर्वत के पास तक पहुंचती है तो इसका मतलब है कि आप अपनी योग्यता से धन कमाएंगे।
आपकी हथेली में कोई रेखा भाग्य रेखा से निकलकर यदि सीधे सूर्य पर्वत पर पहुंच रही है तो इसका मतलब है कि आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी।

