Yellow Sapphire Stone: पुखराज बृहस्पति ग्रह का रत्न माना जाता है जो इस ग्रह के शुभ प्रभाव को बढ़ाता है। यह पीले रंग का रत्न है। मान्यता है कि इसे धारण करने से मान सम्मान और धन संपत्ति में वृद्धि होती है। शिक्षा के क्षेत्र में भी ये सफलता दिलाता है। विवाह में आ रही बाधाएं भी इस रत्न के धारण करने से दूर हो जाती हैं। बॉलीवुड के कई नामचीन सितारे जैसे अजय देवगन, माधुरी दीक्षित नेने, संजय दत्त, एकता कपूर, शिल्पा शेट्टी, सोनू निगम भी इस रत्न की अंगूठी अपने हाथ में धारण करते हैं। जानिए पुखराज रत्न के बारे में…
पुखराज रत्न पहनने के फायदे: ज्योतिष अनुसार इस रत्न को धारण करने से आर्थिक परेशानियां कम हो जाती हैं। इससे स्वास्थ्य अच्छा, लंबी उम्र, मान प्रतिष्ठा प्राप्त होने के साथ आर्थिक लाभ होता है। विवाह में देरी आ रही हो तब भी ज्योतिष इस रत्न को धारण करने की सलाह देते हैं। खासकर मीन और धनु राशि के जातकों के लिए ये रत्न अत्यंत लाभकारी होता है। लेकिन इसका ध्यान अवश्य रखें कि रत्न को धारण करने से पहले किसी अनुभवी ज्योतिषी की सलाह अवश्य लें।
कैसे धारण करें? पुखराज बृहस्पतिवार के दिन धारण करना चाहिए। इसे धारण करने के लिए 3 से 5 कैरेट पुखराज को स्वर्ण या चांदी की अंगूठी में जड़वाकर किसी भी शुक्ल पक्ष के गुरुवार को सूर्य उदय होने के बाद पूजा पाठ करके पहन लेना चाहिए। इसके लिए सबसे पहले अंगूठी को दूध, गंगाजल, शहद और शक्कर के घोल में डाल दें, फिर पांच अगरबत्ती ब्रहस्पतिदेव के नाम जलाएं और उनसे आशीर्वाद प्रदान करने की प्रार्थना करें। इसके बाद अंगूठी को निकालकर 108 बारी अगरबत्ती के ऊपर से घुमाते हुए ॐ ब्रह्म बृह्स्पतिये नम: का जाप करें। फिर अंगूठी भगवान विष्णु के चरणों से स्पर्श कराकर अपनी तर्जनी उंगली में धारण करें। पुखराज लगभग 4 वर्ष तक पूर्ण प्रभाव देता है और फिर निष्क्रिय हो जाता है। निष्क्रिय होने के बाद आप नया पुखराज धारण कर सकते हैं।
पुखराज का उपरत्न: पुखराज के स्थान पर रत्न ज्योतिषी धिया, सुनैला, सुनहला या पीला हकीक पहनने की भी सलाह देते हैं।