Ganesh Chaturthi 2020 Bhog: गणेश चतुर्थी 22 अगस्त, शनिवार को मनाई जा रही है। हर साल यह त्योहार भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है। कहते हैं यह पूरे साल में सबसे अच्छा समय है जब आप भगवान गणेश को प्रसन्न कर सकते हैं। गणेश जी घर में शुभता, खुशहाली और मांगलिकता लेकर आते हैं। ऐसे में गणेश जी को खुश करना और भी अधिक आवश्यक हो जाता है। गणेश चतुर्थी के मौके पर जानिये 10 दिन के 10 भोगों के बारे में जिन्हें चढ़ाकर आप भी गणेश जी को प्रसन्न कर सकते हैं।
गणेश जी के प्रिय भोग (Ganesh Ji Ke Priya Bhog/ Ganesh Ji Ke Prasad):
गणेश जी को घर में गणेश चतुर्थी के दिन लाकर स्थापित किया जाता है। यह दिन उनके जन्मोत्सव का होता है इसलिए इस दिन उनकी सबसे प्रिय मिठाई यानी मोदक का भोग लगाएं। गणपति को मोदक से प्रिय और कोई भोग नहीं है।
बात जब भगवान गणेश के पसंदीदा मिष्ठानों की आती है तब लड्डू का नाम जरूर लिया जाता है। भगवान गणेश को लड्डू बहुत पसंद है। गणेश चतुर्थी पर उनके बाल रूप का पूजन किया जाता है। गणेश जी के बाल रूप को लड्डू बहुत प्रिय हैं।
प्राचीन कथाओं में बताया जाता है कि महादेव को खीर बहुत प्रिय है। जब देवी पार्वती खीर बनाती हैं तो गणेश कहते हैं कि उन्हें भी खीर बहुत पसंद है और खीर का पूरा प्याला खुद पी जाया करते हैं। भगवान गणेश के भोगों में खीर को जरूर शामिल करना चाहिए।
हिंदू धर्म में केले के भोग को उत्तम माना जाता है। इसलिए भगवान गणेश को केले का भोग भी लगाया जाता है। केले के प्रसाद को सभी पवित्र और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल किया जाता है। कहते हैं कि केले का भोग सभी देवी-देवताओं को प्रिय होता है।
भगवान गणेश को दस दिनों के भोग के दौरान नारियल का भोग अवश्य लगाएं। नारियल को बहुत शुभ माना जाता है इसलिए ही हर व्रत और पूजा में इसका इस्तेमाल किया जाता है। इसे शुभता का प्रतीक माना जाता है।
मखाने पूजा में भोग लगाने के लिए शुभ माने जाते हैं। गणेश जी को मखाने की खीर का भोग लगाया जा सकता है। भगवान गणेश को स्वाद में मीठा बहुत पसंद है। इसलिए मखानों की खीर का भोग एक अच्छा सुझाव साबित हो सकता है।
कोई भी पीले रंग की मिठाई का भोग गणेश जी को लगाया जा सकता है। पीला रंग गणेश जी को प्रिय है। इसलिए उन्हें पीले रंग की मिठाइयां भी प्रिय हैं।
गणेश जी को बेसन की बर्फी का भी भोग लगाया जा सकता है। बेसन की बर्फी बाजारो में आसानी से उपलब्ध होती है। इसे घर में भी बनाया जा सकता है। यह भोग पीला और मीठा होने की वजह से भगवान गणेश को पसंद है। इसके अलावा, आप भगवान गणेश को बताशे का भी भोग लगा सकते हैं।