सामुद्रिक शास्त्र में व्यक्ति के शरीर के विभिन्न अंगों की बनावट के आधार पर उसके स्वभाव और भविष्य का आकलन किया गया है। आज हम व्यक्तियों के गाल की बनावट के आधार पर उनके बारे में जानने का प्रयास करेंगे। सामुद्रिक शास्त्र यानी कि समुद्र शास्त्र की मानें तो चिपटे हुए गाल वाले व्यक्ति थोड़े क्रोधी स्वभाव के होते हैं। कहते हैं कि चिपटे गाल वाले अपने काम में हस्तक्षेप करना पसंद नहीं करते। और ऐसा होने पर इन्हें क्रोध बहुत ज्यादा आता है। इसके साथ ही इनके दोस्तों की संख्या काफी सीमित होने की मान्यता भी है। कहा जाता है कि ये लोग दूसरों के साथ अत्यधिक घूलना-मिलना पसंद नहीं करते।
आपने सामान्य आकार के गाल वाले कई लोगों को देखा होगा। समुद्र शास्त्र के अनुसार ऐसे लोग ज्यादा बोलना पसंद नहीं करते हैं। इन्हें दूसरों की बातें सुनने में ज्यादा दिलचस्पी होती है। कहते हैं कि ऐसे लोग सुंदर विचारों वाले होते हैं। और ये लोग दूसरों के बारे में बुरा नहीं सोचते। वहीं, उभरे हुए गाल वालों के भाग्यशाली होने की मान्यता है। कहा जाता है कि ऐसे लोग एक सुखमय जीवन गुजारते हैं। इसके साथ ही इन लोगों द्वारा खूब सारा धन खर्च किए जाने की भी मान्यता है। ऐसे में धन की बचत कर पाना इनके लिए बड़ा मुश्किल होता है।
कई ऐसे लोग भी होते हैं जिनके गाल के पास की हड्डी थोड़ी उभरी हुई होती है। कहते हैं कि ये लोग बहुत ही चालाक प्रवृत्ति के होते हैं। मान्यता है कि ये लोग मुश्किल से मुश्किल समस्याओं का हल बड़ी आसानी से निकाल लेते हैं। इसके साथ ही इन्हें बेवकूफ बनाना आसान नहीं होता। इसके अलावा गाल पर डिंपल पड़ने वालों के अत्यधिक भाग्यशाली होने की मान्यता है। कहते हैं कि ऐसे लोग एक सम्पन्न परिवार में जन्म लेते हैं। और इनका जीवन सुविधापूर्ण माहौल में गुजरता है।