Moles Astrology: कई लोगों के चेहरे पर एक या उससे ज्यादा भी तिल देखने को मिल जाते हैं। कई तिल चेहरे की खूबसूरती भी बढ़ाते हैं। समुद्र शास्त्र अनुसार इन तिलों के अलग-अलग मायने होते हैं। अमूमन तिल का रंग काला या फिर लाल होता है। आपके चेहरे का तिल शुभ है या नहीं इस बात का पता उस तिल के स्थान से चलता है। जानिए चेहरे पर मौजूद तिलों का अर्थ…
माथे का तिल: माथे का तिल बताता है कि आप शुरुआत में संघर्ष तो खूब करेंगे लेकिन अंत में धनवान बनेंगे। माथे के बीच वाला तिल निर्मल प्रेम की निशानी है। दाहिने तरफ वाला तिल किसी विषय में विशेष निपुण होने का प्रतीक है। बायीं तरफ वाला तिल व्यक्ति के फिजूलखर्च करने का प्रतीक है।
दाईं आंख के तिल: दाहिनी आंख पर तिल का होना व्यक्ति के अधिक भावुक होने का संकेत देता है। ऐसे लोग अकसर दूसरों से जलन रखते हैं। दाहिनी आंख की पलक पर तिल होना तेज बुद्धि का सूचक है। दाहिनी आंख के नीचे का तिल व्यक्ति के प्रेम में अधिक भावुक होने की निशानी है। दाईं आंख के नीचे आंख के पास तिल का होना व्यक्ति के रहस्यमयी स्वभाव के बारे में बताता है।
बाईं आंख के तिल: जिन लोगों की बाईं आंख के नीचे और नाक के पास तिल होता है ऐसे लोग दूसरों से अधिक जलन रखने वाले होते हैं। ये लोग थोड़ा स्वार्थी भी होते हैं। बाईं आंख के कोने के पास तिल का होना व्यक्ति झगड़ालु स्वभाव के बारे में बताता है। ऐसे लोग हर मुश्किल काम में सफलता पा लेते हैं।
नाक का तिल: नाक पर तिल होना व्यक्ति के जीवन में अधिक यात्राएं होने का संकेत देता है। ऐसे लोगों की लव लाइफ थोड़ी डिस्टर्ब रहती है। जिन लोगों के नाक के प्रारंभिक स्थान पर तिल होता है ऐसे लोग कल्पनाशील होते हैं। नाक की दाईं तरफ तिल वाला व्यक्ति श्रेष्ठ विचारों वाला होता है। ऐसे लोग अपने राज किसी को नहीं बताते। नाक के बीच में नीचे की तरफ तिल होने से व्यक्ति यात्राएं बहुत करता है। नाक की बाएं तरफ तिल का होने का अर्थ है कि व्यक्ति कलात्मक तरीके से कार्य करने वाला होगा। इनके कई प्रेम संबंध हो सकते हैं।
होंठ पर तिल: दायीं तरफ होंठ के ठीक ऊपर तिल हो तो व्यक्ति अपना हर काम सही ढंग से करता है। ये लोग बुद्धिमान होते हैं। यदि किसी व्यक्ति के दायीं तरफ होंठ के कोने पर तिल हो तो व्यक्ति प्रेमी स्वभाव का माना जाता है। बायीं तरफ होंठ के ठीक कोने में तिल हो तो व्यक्ति ज्यादा कामुक होता है। इस स्वभाव के चलते जीवन में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
गाल पर तिल: दाहिने गाल की हड्डी पर तिल होना भावुक होने की निशानी है। इस कारण व्यक्ति अकसर परेशानियों में फंस जाता है। दाहिने गाल पर तिल होने से व्यक्ति अधिक कामुक होता है। बाएं तरफ गाल की हड्डी पर तिल हो तो ऐसे लोगों की बौद्धिक क्षमता अच्छी होती है। ऐसे लोगों को अकसर अपने जीवन में बदलाव पसंद आता है।
चिन पर तिल: यदि किसी व्यक्ति की दाढ़ी (चिन) पर बाएं हाथ की ओर तिल हो तो ऐसा इंसान अध्यात्म और धर्म में विशेष रुचि रखता है। जिन लोगों की दायीं तरफ दाढ़ी (चिन) पर तिल हो तो व्यक्ति परंपरावादी होता है। ऐसे लोग सभी को खुश रखने की कोशिश करते हैं।
भौंह पर तिल: दोनों भौंहो पर तिल का होना अधिक यात्रा होने का संकेत देता है। दाहिनी भौंह पर तिल सुखमय जीवन के बारे में बताता है तो बायीं तरफ का तिल दांपत्य जीवन में परेशानियों का संकेत है।