Bad Dream Interpretation: स्वप्न शास्त्र अनुसार सपने हमेशा अच्छी ही नहीं बल्कि बुरे संकेत भी देते हैं। व्यक्ति को सपने में कई प्रकार की चीजें दिखाई देती हैं। जैसे पानी, आग, सांप, जानवर, महिला, पुरुष, बच्चे, आत्मा, पहाड़, मंदिर, भगवान इत्यादि। हर सपने का अर्थ अलग होता है। सपनों को भविष्य में होने वाली घटनाओं से जोड़कर देखा जाता है। यहां हम जानेंगे ऐसे सपनों के बारे में जो किसी अशुभ घटना के घटित होने का संकेत माने जाते हैं।

यदि सपने में कोई बारात देखता है तो इसका मतलब भविष्य में चिंताओं और परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। अगर आप अपने को ही दुल्हा या दुल्हन बने देखते हैं तो ये भी अशुभ संकेत है। ऐसा सपना मृत्यु के समान कष्ट मिलने का संकेत माना गया है।

अगर सपने में आप किसी पेड़ को कटते हुए देखते हैं तो इसका मतलब है कि आपको धन हानि होने वाली है। ये सपना घर-परिवार में किसी बड़े बुजुर्ग की तबीयत खराब होने का संकेत देता है।

यदि सपने में आप खुद को ऊंचाई से गिरता हुआ देखते हैं तो इसका मतलब है कि आपकी सेहत में गिरावट आने वाली है। ये सपना मान-प्रतिष्ठा का नुकसान होने का भी संकेत माना जाता है।

सपने में काली बिल्ली देखना भी अशुभ संकेत माना जाता है। ये सपना मानसिक तनाव होने का संकेत देता है। (यह भी पढ़ें- शनि और गुरु की शुभ दृष्टि इन 2 राशियों के धन मामलों के लिए उत्तम, धन-दौलत में हो सकती है वृद्धि)

सपने में बंद दरवाजा देखना करियर में परेशानी आने का संकेत देता है। ये सपना देखने के बाद आपको सतर्क हो जाना चाहिए।

सपने में खुद के बाल कटते हुए देखना अशुभ माना जाता है। ये सपना धन हानि होने का संकेत देता है। सपने में खुद को ठहाके लगाकर हंसते हुए देखना भी अशुभ माना जाता है।

सपने में उल्लू देखना भी अशुभ संकेत है ये सपना भविष्य में किसी गंभीर बीमारी के होने का संकेत देता है। (यह भी पढ़ें- सितंबर में इन 3 राशि वालों की आर्थिक स्थिति में जबरदस्त सुधार आने की संभावना, रुके हुए काम हो सकते हैं पूरे)

सपने में खुद को रेगिस्तान पर चलते हुए देखना भी अशुभ संकेत है। ये सपना शत्रुओं के कारण आपको कष्ट मिलने का संकेत देता है।

सपने में डॉक्टर को देखना भी अशुभ माना गया है। ये सपना भी किसी बीमारी के होने का संकेत देता है।

सपने में गधा देखना मृत्यु तुल्य कष्ट मिलने का संकेत माना जाता है। सपने में झाड़ू देखना धन हानि होने का संकेत देता है।