Dream Interpretation in Hindi: हर व्यक्ति सोते समय कभी न कभी सपना जरूर देखता है। स्वप्न देखने की प्रक्रिया बेहद स्वाभाविक है। कई सपने ऐसे होते हैं जो हमारी जिंदगी से मेल खाते हैं वहीं, कुछ ऐसे भी विचित्र सपने होते हैं जिनसे हमारा कोई लेना-देना नहीं होता है। सपने मन की एक विशेष अवस्था होते हैं, जिसमें वास्तविकता का आभास होता है।
स्वप्न न तो जागृत अवस्था में आते हैं न ही गहरी नींद में, यह दोनों के बीच की तुरीयावस्था में आते हैं। कई विद्वान ऐसा मानते हैं कि सपनों के पीछे ग्रह और राशियां भी जिम्मेदार होती हैं। वायु और जल तत्व की राशियों को सपने ज्यादा आते हैं। वैसे तो सपनों का असल जिंदगी से कोई वास्ता नहीं होता है लेकिन कई बार सपनों का अर्थ भी निकलता है। कुछ सपनों की गिनती शुभ व अशुभ सपनों में भी की जाती है। आइए जानते हैं-
ये होते हैं शुभ सपने: कमल का फूल, हाथी, बंदर, हंस और गाय का सपना बहुत ही शुभ माना जाता है। ये सपने धन संपत्ति या फिर संतान प्राप्ति के सूचक होते हैं। इसके अलावा, अगर आपने सपने में किसी सफेद वस्तु को देखा है तो इसका अर्थ हो सकता है कि आपको किसी बड़ी समस्या से मुक्ति मिलने वाली हो। अगर आप सपने में सिक्के देखते हैं तो इसका सांकेतिक अर्थ है कि आपका गुड लक आने वाला है।
वहीं, स्वप्न में शांत, शीतल और स्वच्छ पानी में अपने आपको नहाते हुए देखने का अर्थ है कि आप सफलता और संपन्नता पाएंगे। इसके अलावा, सपने में सेब का नजर आना भी शुभ माना जाता है। इससे दीर्घ आयु और व्यापार में सफलता का संकेत मिलता है। साथ ही गिरना, आग की पकड़ में आना, मकान में लगी आग में जलना, ऐसे सपने देखना भी शुभ माना जाता है। इससे सम्मान में बढ़ोतरी और नौकरी में पदोन्नति की संभावना बढ़ जाती है।
ऐसे सपने आने पर हो जाएं सतर्क: अगर आप सोना, जेवर, गहने से जुड़े सपने देखते हैं तो यह बीमारी का संकेत है। आप बीमार पड़ सकते हैं या नौकरी जा सकती है। वहीं, अगर सपने में किसी व्यक्ति का एक्सीडेंट हो जाता है तो सावधान हो जाएं। आपके साथ कोई दुर्घटना घट सकती है। स्वप्न में बिल्ली देखना कपट और विश्वासघात का सूचक है। इसके अलावा, शादी का सपना या फिर नाचने और हंसने का सपना भी अशुभ माना गया है। नदीं में डूबना, मल विसर्जन करना और रोग से पीड़ित होने का सपना भी खराब माना गया है। इसके अलावा, सांप को मारना, लाल फूलों के पेड़ देखना भी अशुभ संकेत देने वाले सपनों की सूची में ही आते हैं।