स्वप्न शास्त्र: नींद में जाते ही सपने देखना आम बात है, पर कई बार ये सपने हमें कुछ संकेत देना चाहते हैं। स्वप्न शास्त्र के मुताबिक सपने हमें हमारी आने वाली जिंदगी को लेकर आगाह करते हैं। इसकी मानें तो हर सपने के तार हमारी जिंदगी से जुड़े होते हैं। विद्वानों के अनुसार किसी भी व्यक्ति अचेतन मन में जो विचार आते रहते हैं, वही नींद में जाने पर सपनों के रूप में नजर आते हैं। स्वप्न शास्त्र के अनुसार सपनों को शुभ और अशुभ स्वप्नों में बांटा गया है। जीवन में परेशानियां, खुशहाली, सुख-दुख या नए अवसर आएंगे, इन सब का पता भी स्वप्न शास्त्र के माध्यम से लगाया जा सकता है।

हरा-भरा जंगल: स्वप्न शास्त्र के माध्यम से सकारात्मक और नकारात्मक दोनों प्रकार के सपनों के अर्थ को समझा जा सकता है। इसके मुताबिक अगर लोगों को स्वप्न में हरा-भरा जंगल दिखाई पड़ता है तो इसका तात्पर्य है कि भविष्य में उन्हें किसी बात से बेहद प्रसन्नता प्राप्त होगी।

बाल कटाते दिखना: कोई व्यक्ति यदि स्वप्न में देखता है कि वो अपने बाल कटवा रहा है या उसे गंजा कर दिया गया है तो स्वप्न शास्त्र के मुताबिक इसका अर्थ है कि उसके जीवन में धन संबंधी जो भी परेशानियां चल रही होंगी सब जल्द खत्म हो जाएंगी।

स्वप्न में प्रेमिका दिखे तो: सपने में अगर किसी व्यक्ति को उसकी प्रेमिका अगर लाल रंग के वस्त्र पहने दिखाई देती है तो माना जाता है कि प्रेम-संबंध में सफलता मिलने की पूरी संभावना है। साथ ही प्यार अत्यधिक गहरा होने वाला है। वहीं, यदि प्रेमिका सपने में लहंगे में दिखती है तो यह इस बात का संकेत देता है कि इस बात की संभावनाएं प्रबल हैं कि उसका विवाह प्रेमिका से होगा।

सफेद वस्तु दिखना: अगर आप सपने में खुद को किसी अन्य व्यक्ति के सामने सफेद वस्तु दान करते देख रहे हैं तो इसे स्वप्न शास्त्र में धन प्राप्ति का संकेत माना जाता है। जानकार कहते हैं कि सपने में सफेद वस्तु दान करने से धन आगमन के योग बन सकते हैं। इसलिए सपने को बहुत शुभ माना जाता है। हालांकि, ऐसा सपना देखने के बाद किसी को उसके बारे में बताने की भूल न करें।