Dhanteras 2024 Date Time Lakshmi Puja Muhurat: हिंदू धर्म में धनतेरस का विशेष महत्व बताया गया है। इस दिन मां लक्ष्मी, गणेश जी, भगवान धन्वंतरि और कुबेर जी की विशेष पूजा- अर्चना करने का विधान है। ज्योतिष पंचांग के मुताबिक यह पर्व हर साल कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। जो कि साल 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा। आपको बता दें कि इस दिन लोग अपनी क्षमता के अनुसार, सोना, चांदी, बर्तन आदि की खरीदारी करते हैं। क्योंकि इस दिन सोना और कोई बर्तन खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। साथ ही इसी दिन देवताओं के वैध भगवान धन्वंतरि की उत्पत्ति हुई थी। यही वजह है इस दिन धन्वंतरि जयंती भी मनाते हैं। आइए जानते हैं धनतेरस की तिथि और पूजा- मुहूर्त…
धनतेरस की तिथि 2024 (Dhanteras 2024 Tithi)
त्रयोदशी तिथि की शुरुआत : 29 अक्टूबर, सुबह 10 बजकर 32 मिनट से
त्रयोदशी तिथि की समाप्ति : 30 अक्टूबर, दोपहर 1 बजकर 16 मिनट तक
उदया तिथि के मुताबिक धनतेरस का पर्व दिन मंगलवार 29 अक्टूबर 2024 को मनाया जाएगा।
धनतेरस खरीदारी का शुभ मुहूर्त
पहला खरीदारी का मुहूर्त
वैदिक पंचांग के अनुसार धनतेरस के दिन त्रिपुष्कर योग का निर्माण हो रहा है, इस योग में खरीदारी करना बेहद शुभ माना जाता है। यह योग सुबह 6 बजकर 32 मिनट से शुरू होकर अगले दिन तक 10 बजकर 30 मिनट पर रहेगा। इस योग में की गई खरीदारी करने से चीजों में तीन गुणा वृद्धि होती है।
दूसरा खरीदारी का मुहूर्त
धनतेरस के दिन अभिजीत मुहूर्त भी बन रहा है और इस योग में खरीदारी करने से सुख- समृद्धि की प्राप्ति होती है। यह मुहूर्त 29 अक्टूबर के दिन 11 बजकर 42 मिनट से दोपहर 12 बजकर 27 मिनट तक रहेगा, इस बीच में खरीदारी कर सकते हैं।
धनतेरस का महत्व
शास्त्रों के अनुसार धनतेरस के दिन समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इस वजह से इस तिथि को धनतेरस या धनत्रयोदशी तिथि के नाम से जाना जाता है। साथ ही इस दिन माता लक्ष्मी, धन के देवता कुबेर और मृत्यु के देवता यमराज की पूजा- अर्चना की जाती है। वहीं धनतेरस के दिन सोना, चांदी, बर्तन, झाड़ू, धनिया आदि खरीदना बहुत शुभ माना जाता है। वहीं इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा- अर्चना करने से जीवन में धन की संपन्नता बनी रहती है। साथ ही ही घर में धन, वैभव और सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है। आरोग्य की प्राप्ति होती है।