Dhanteras 2023: हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। इसे धन त्रयोदशी के नाम से भी जानते हैं। इस दिन मां लक्ष्मी के साथ भगवान धन्वंतरि और कुबेर जी की पूजा करने का विधान है। बता दें कि इस साल ये पर् 10 नवंबर 2023 को मनाया जा रहा है। मान्यता है कि इस दिन सोना-चांदी के साथ अन्य चीजों की खरीदारी करने से कई गुना अधिक फलों की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही मां लक्ष्मी की कृपा से आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस दिन आप विभिन्न चीजों की खरीदारी करते हैं। लेकिन ये तीन चीजें अवश्य खरीदनी चाहिए। इससे सुख-समृद्धि, धन-संपदा की प्राप्ति होती है।
धनतेरस में खरीदें ये चीजें
साबुत धनिया
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, धनतेरस के दिन धनिया जरूर खरीदनी चाहिए, क्योंकि इससे मां लक्ष्मी अति प्रसन्न होती हैं। मान्यता है कि इस दिन साबुत धनिया खरीद के दिवाली वाले दिन मां लक्ष्मी को अर्पित करना चाहिए। इसके बाद इस धनिया को धन वाले स्थान यानी अलमारी या फिर तिजोरी में रख लेना चाहिए। इससे शुभ फलों की प्राप्ति होती है और महालक्ष्मी की कृपा से पैसों की तंगी का सामना नहीं करना पड़ता है।
धनतेरस पर खरीदें झाड़ू
हिंदू शास्त्रों के अनुसार, धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है। झाड़ू को मां लक्ष्मी से संबंधित है। इसलिए इस दिन झाड़ू खरीदने से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही दरिद्रता का नाश होता है। धनतेरस के दिन झाड़ू लेकर उसमें सफेद रंग का धागा जरूर बांधे। इसके साथ ही पुरानी झाड़ू को फेंक दें। ऐसा करने से मां लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
हल्दी की गांठ
धनतेरस के दिन हल्दी की गांठ जरूर खरीद कर लाएं। पीली या फिर काली रंग की हल्दी की गांठ लाकर रख लें। हल्दी को मां लक्ष्मी के साथ भगवान विष्णु से संबंधित माना जाता है। इसलिए इसे धनतेरस के दिन लाने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। दिवाली वाले दिन इसे मां लक्ष्मी को चढ़ा दें और विधिवत पूजा करें। इसके बाद एक पीले या फिर लाल रंग के कपड़े में बांधकर अलमारी, तिजोरी या फिर पैसों वाले स्थान में रख लें।
धनतेरस के दिन खरीदें ये चीजें
धनतेरस के दिन झाड़ू, हल्दी, साबुत धनिया के अलावा गोमती चक्र, कौड़ी, श्री यंत्र.चावल, सोना-चांदी, बर्तन आदि की खरीदारी कर सकते हैं। इससे भी शुभ फलों की प्राप्ति होती है।