Dev Uthani Ekadashi 2024 Date: हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी महत्वपूर्ण एकादशी में से एक मानी जाती है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु योग निद्रा से जागते हैं और उनके जागने के साथ ही सभी शुभ और मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं। इसी दिन चातुर्मास समाप्त होते हैं। देवउठनी एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी और देवोत्थान एकादशी भी कहा जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस एकादशी का व्रत रखने से जातक के सभी पाप दूर हो जाते हैं और भगवान विष्णु साधकों की सारी मनोकामनाएं भी पूरी करते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं इस साल देवउठनी एकादशी कब है। साथ ही जानिए देवउठनी एकादशी पूजा शुभ मुहूर्त, पारण का समय और महत्व के बारे में।

देवउठनी एकादशी 2024 की तारीख और मुहूर्त (Dev Uthani Ekadashi 2024 Date and Shubh Muhurat)

इस साल देवउठनी एकादशी 12 नवंबर को पड़ रही है। एकादशी तिथि 11 नवंबर की शाम 6 बजकर 46 मिनट से शुरू होगी और 12 नवंबर की शाम 4 बजकर 4 मिनट पर खत्म होगी। ऐसे में 12 नवंबर के दिन ही व्रत रखा जाएगा।

देवउठनी एकादशी 2024 पारण शुभ मुहूर्त (Dev Uthani Ekadashi 2024 Paran Shubh Muhurat)

इस व्रत का पारण देवउठनी एकादशी 2024 के अगले दिन यानि 13 नवंबर को किया जाएगा। ऐसे में देवउठनी एकादशी का पारण 13 नवंबर की सुबह 6 बजकर 42 मिनट से 8 बजकर 51 मिनट के बीच किया जाएगा।

क्यों होती है देवउठनी एकादशी खास? (Dev Uthani Ekadashi 2024)

देवशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं, जिसे चातुर्मास कहते हैं। इन चार महीनों में हिंदू धर्म में कोई भी शुभ काम जैसे शादी, गृह प्रवेश आदि नहीं किए जाते हैं। देवउठनी एकादशी के साथ ही ये चातुर्मास खत्म हो जाता है और सभी शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इस दिन भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की पूजा का भी खास महत्व होता है। इनकी विधिपूर्वक पूजा करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है।

देवउठनी एकादशी पूजा विधि (Dev Uthani Ekadashi 2024 Puja Vidhi)

अगर आप भी देवउठनी एकादशी का व्रत रखना चाहते हैं तो सुबह जल्दी उठकर स्नान कर लें और भगवान विष्णु का ध्यान करें। पूजा में तुलसी के पत्ते चढ़ाएं, क्योंकि तुलसी भगवान विष्णु को बहुत प्रिय है। फिर व्रत का संकल्प लें और पूरे दिन निर्जला व्रत रखें। शाम को विष्णु जी की आरती करें, भोग लगाएं और उनकी कथा सुनें। फिर अगले दिन शुभ मुहूर्त
में व्रत खोलें।

देवउठनी एकादशी महत्व (Dev Uthani Ekadashi 2024 Importance)

मान्यता है कि देवउठनी एकादशी का व्रत रखने से व्यक्ति के पाप दूर होते हैं और उसकी मनोकामनाएं भगवान विष्णु पूरी करते हैं। साथ ही घर में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है। अगर आप भी इस खास दिन पर व्रत रखते हैं और श्रद्धा से भगवान विष्णु और लक्ष्मी जी की पूजा करते हैं तो इसका आशीर्वाद पूरे परिवार को मिलेगा।

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें