Chitragupta Puja 2024 Shubh Muhurat and Mantra in Hindi: हिंदू धर्म में चित्रगुप्त पूजा का बहुत बड़ा धार्मिक महत्व है। इस दिन भगवान चित्रगुप्त की पूजा की जाती है। भगवान चित्रगुप्त को न्याय के देवता के रूप में भी जाना जाता है। कहा जाता है कि चित्रगुप्त जी व्यक्ति को उसके कर्मों के अनुसार दंड और फल देते हैं। इस दिन कलम, दवात और बहीखाता की पूजा करने का विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन इन सभी चीजों का पूजा-अर्चना करने से सुख-समृद्धि, बुद्धि, विद्या और तरक्की का आशीर्वाद मिलता है। ऐसे में आइए जानते हैं चित्रगुप्त पूजा का शुभ मुहूर्त और मंत्र।
चित्रगुप्त पूजा 2024 शुभ मुहूर्त (Chitragupta Puja 2024 Shubh Muhurat)
हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को चित्रगुप्त पूजा मनाई जाती है। इस साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि की शुरुआत 2 नवंबर को रात 8 बजकर 21 मिनट से हो चुकी है और इस तिथि का समापन 3 नवंबर को रात 10 बजकर 5 मिनट पर होगा। ऐसे में इस दिन पुजा का शुभ
मुहूर्त सुबह 7 बजकर 57 मिनट से लेकर से दोपहर 12 बजकर 4 मिनट तक है।
चित्रगुप्त पूजा 2024 मंत्र (Chitragupta Puja 2024 Mantra)
मसिभाजनसंयुक्तं ध्यायेत्तं च महाबलम्। लेखिनीपट्टिकाहस्तं चित्रगुप्तं नमाम्यहम्।।
ओम श्री चित्रगुप्ताय नमः
चित्रगुप्त पूजा महत्व (Chitragupta Puja 2024 Importance)
चित्रगुप्त पूजा में कलम की पूजा का भी विशेष महत्व होता है। पूजा में कलम को भगवान का आशीर्वाद देने के लिए पंचोपचार विधि से पूजा की जाती है। ऐसा माना जाता है कि पूजा के बाद इस कलम से जो कुछ भी लिखा जाएगा, उसमें दैवीय मदद मिलती है और काम में सफलता मिलती है। दीपावली के दिन जो बहीखाते बंद किए जाते हैं, उन्हें इस दिन खोलकर नया काम शुरू किया जाता है। लोग इस किताब पर स्वास्तिक या “श्री गणेशाय नमः” लिखते हैं ताकि पूरे साल काम में रुकावट न आए और सब कुछ शुभ हो।
अगर आप चाहें तो एक से ज्यादा कलम की भी पूजा कर सकते हैं और पूरे साल उनका उपयोग कर सकते हैं। इस दिन व्यापारी अपने नए बहीखाते शुरू करते हैं और इसे अच्छा माना जाता है। माना जाता है कि इस दिन किया गया नया काम साल भर शुभ फल देता है।
