बिहार की राजधानी पटना में छठ पूजा के मद्देनजर एक खास मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है। इस ऐप की मदद से स्थानीय लोग छठ पूजा से संबंधित सभी कार्यक्रमों की जानकारी सिर्फ एक सिंगल क्लिक पर हासिल कर सकेंगे। वहीं, उन्हें घाट तक जाने का रास्ता आदि भी आसानी से पता लग जाएगा। बता दें कि रेलवे ने भी छठ पूजा के लिए करीब 100 अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है।
ऐसे इंस्टॉल कर सकते हैं यह ऐप: छठ पूजा से संबंधित इस ऐप को डाउनलोड करने के लिए आपको एंड्रॉयड मोबाइल में प्ले स्टोर ओपन करना होगा। वहां ‘छठ पूजा पटना’ लिखते ही 12 एमबी का यह ऐप सामने आ जाएगा। बता दें कि 2 दिन पहले लॉन्च हुए इस ऐप को अब तक करीब 5 हजार लोग डाउनलोड कर चुके हैं।
Hindi News Today, 28 October 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
2 भाषाओं में मिलेगी जानकारी: छठ पूजा पटना मोबाइल ऐप खोलते ही भाषा चुनने का विकल्प मिलेगा। इस ऐप में 2 भाषाओं हिंदी व अंग्रेजी में जानकारी हासिल की जा सकती है। इसके बाद डिटेल्स से संबंधित पूरी लिस्ट सामने आ जाती है। इसमें पूजा एडमिन, जोनल इंचार्ज, घाट इंचार्ज, घाट पहुंचने का रास्ता आदि जानकारी मौजूद है।
ऐसे मिलता है घाट का रास्ता: ऐसे में ‘फाइंड वे टू घाट’ ऑप्शन चुनते ही जोन का विकल्प सामने आ जाते हैं, जिसे सिलेक्ट करते ही घाटों की लिस्ट नजर आने लगती है। संबंधित घाट पर क्लिक करने के बाद आपकी लोकेशन से घाट की दूरी का पता लग जाता है।
केंद्रीय मंत्री ने किया घाटों का मुआयना: गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार (25 अक्टूबर) को पटना के गंगा घाट का जायजा लिया था। उस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन को घाटों की साफ-सफाई व सुरक्षा आदि के इंतजाम करने का आदेश दिया। वहीं, छठ पूजा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के निर्देश भी दिए।
31 अक्टूबर से होगी छठ पूजा की शुरुआत: छठ पूजा की शुरुआत कार्तिक शुक्ल षष्ठी से होती है, जो इस बार 31 अक्टूबर को पड़ रही है। 4 दिन तक चलने वाले इस पर्व को छठ पूजा, डाला छठ, छठी माई, छठ, छठ माई पूजा, सूर्य षष्ठी पूजा आदि कई नामों से जाना जाता है। इस पर्व की शुरुआत 31 अक्टूबर को नहाय खाय के साथ होगी। मान्यता है कि इस दिन व्रती स्नान आदि करके नए कपड़े पहनते हैं और शाकाहारी भोजन ग्रहण करते हैं। व्रती के भोजन करने के बाद ही घर के दूसरे सदस्य खाना खाते हैं।
