Lunar Eclipse 2025 Negative Effect: साल 2024 अपने अंतिम पड़ाव पर है और जल्द ही साल 2025 शुरू होने वाला है। ग्रहों के लिहाज से यह साल काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है क्योंकि नए साल में कई बड़े ग्रह गोचर करने वाले हैं। इसके साथ ही इस वर्ष चार ग्रहण लगने जा रहे हैं, जिसमें 2 सूर्य ग्रहण होंगे और 2 चंद्र ग्रहण शामिल हैं। अगर बात करें चंद्र ग्रहण की तो साल 2025 का पहला चंद्र ग्रहण 14 मार्च दिन शुक्रवार को लगेगा। यह ग्रहण सिंह राशि और उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में होगा। हालांकि यह चंद्र ग्रहण भारत में नजर नहीं आएगा, इसलिए इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। लेकिन ज्योतिष के अनुसार, यह ग्रहण कुछ राशियों के लिए परेशानियां लेकर आ सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं उन राशियों के बारे में, जिनके लिए यह चंद्र ग्रहण प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। साथ ही जानिए इससे बचने के उपाय।

सिंह राशि (Singh Rashi)

ज्योतिष के अनुसार, साल 2025 का पहला चंद्र ग्रहण सिंह राशि में ही लगने वाला है, इसलिए इस ग्रहण का सबसे ज्यादा प्रभाव इस राशि के जातकों पर पड़ेगा। इस दौरान आपका मानसिक तनाव बढ़ सकता है। पारिवारिक जीवन में मनमुटाव और विवाद हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र पर विरोधी सक्रिय होंगे और आपके काम में बाधा डालने की कोशिश करेंगे। समाजिक स्तर पर आपकी बातों को गलत समझा जा सकता है। सिंह राशि वाले जातक भगवान शिव की पूजा करें और ‘ऊं नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करें।

मकर राशि (Makar Rashi)

मकर राशि वाले जातकों के लिए यह ग्रहण उनके अष्टम भाव में लगेगा। इस भाव में चंद्रमा की स्थिति अशुभ मानी जाती है। ऐसे में मकर राशि वाले जातकों की सेहत खराब हो सकती है। आपके मन में नकारात्मक विचार आ सकते हैं। करियर में चुनौतियां आएंगी। सामाजिक स्तर पर भी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आर्थिक तंगी का भी सामना करना पड़ सकता है। इस राशि के जातक महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें और भगवान शिव की आराधना करें।

मीन राशि (Meen Rashi)

मीन राशि वाले जातकों के लिए यह ग्रहण उनके षष्ठम भाव में लगेगा। जिससे कार्यक्षेत्र और निजी जीवन में मुश्किलें आ सकती हैं। कार्यस्थल पर विरोधियों की सक्रियता बढ़ेगी, जिससे छोटी गलती भी भारी पड़ सकती है। वैवाहिक जीवन में उतार-चढ़ाव आएंगे। माता-पिता की सेहत को लेकर चिंता हो सकती है। अनावश्यक खर्चें आपके बजट बिगाड़ सकते हैं। इस राशि के जातक सफेद चीजें जैसे दूध, चावल या चीनी का दान करें।

डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।