Chanakya Niti for Money: आचार्य चाणक्य को महान राजनीतिज्ञ और कूटनीतिज्ञ का दर्जा दिया गया है। चाणक्य की नीतियों की मदद से ही चंद्रगुप्त मौर्य भारतवर्ष के सम्राट बने थें। राजकाज के अलावा, चाणक्य की नीतियां गृहस्थ जीवन और आर्थिक रूप मजबूत बनने को लेकर कई बातें भी बताती हैं। आचार्य चाणक्य ने अपने नीति ग्रंथ में इंसानों के लिए कई नीतियों का उल्लेख किया है, जिनका पालन करने से जीवन खुशहाली से भर जाता है। उन्होंने एक श्लोक के जरिये ऐसे 6 तरह के लोगों की व्याख्या की है जो कभी धनवान नहीं हो सकते। ऐसे में आइए जानते हैं कि कौन हैं वो लोग जिनके हाथ रहेंगे खाली-

“कुचैलिनं दन्तमलोपधारिणं बह्वाशिनं निष्ठुरभाषिणं च।

सूर्योदये चास्तमिते शयानं विमुञ्चतिश्रीर्यदि चक्रपाणि:।।”

1. इस श्लोक के जरिये आचार्य चाणक्य कहते हैं कि मैले और गंदे कपड़े पहनने वाले लोगों के घर में लक्ष्मी का वास कभी नहीं होता है। वैसे लोग जो हमेशा गंदगी में रहते हैं और अपने इर्द-गिर्द साफ-सफाई नहीं रखते उन पर धन लक्ष्मी की कृपा नहीं होती है। इसके साथ ही उन्हें समाज के दूसरे लोग भी पसंद नहीं करते और वो हर तरह से निरादर का सामना करते हैं।

2. इसके आगे चाणक्य लिखते हैं कि जो इंसान दांतों की सफाई नहीं रखता, यानि कि दंत मंजन नहीं करता उसे भी गरीबी का सामना करना पड़ता है। मां लक्ष्मी उनकी तरफ देखना भी पसंद नहीं करती हैं। वहीं, जो लोग नियमित रूप से दंत मंजन कर दांतो की सफाई रखते हैं उन पर लक्ष्मी की कृपा सदैव बनी रहती है।

3. इसके अलावा, वैसे लोग जो जितनी भूख लगी हो उससे अधिक भोजन खाते हों, वो कभी धनवान नहीं हो सकते। जरूरत से ज्यादा खाना खाने वाले मनुष्यों को आए दिन स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता है। इससे होने वाली परेशानी और दरिद्रता मनुष्य को गरीबी में झोंक देती है।

4. चाणक्य के मुताबिक कड़वे वचन बोलने वाले लोगों के पास भी ज्यादा समय तक धन नहीं ठहरता है। वो कहते हैं कि अपनी बोली से दूसरे लोगों को दुख पहुंचाने वाले प्राणी से लक्ष्मी मां कभी प्रसन्न नहीं होती। ऐसे व्यक्ति मां की कृपा से भी वंचित रह जाता है। इन लोगों का कोई मित्र नहीं होता, वो अपने व्यवहार व कटु शब्द से सबको अपना दुश्मन बना लेता है।

5. हर समय सोया रहने वाला इंसान भी मां लक्ष्मी की कृपा दृष्टि से विमुख हो जाता है। वैसे भी कहा जाता है कि जो सोया वो खोया और जो जागा वो पाया। चाणक्य के अनुसार सूर्योदय से सूर्यास्त के समय तक नींद में रहने वाले व्यक्ति पर लक्ष्मी की कृपा नहीं होती। बिना कारण के सोना मनुष्य के लिए हानिकारक होता है।

6. वहीं, वैसे लोग जो अन्याय, धूर्तता अथवा बेईमानी को पैसा कमाने का और अपने आय का जरिया बनाते हैं, वो भी ज्यादा दिनों तक अमीर नहीं रहते और जल्द ही अपना पैसा खो बैठते हैं।