Chanakya Niti: आचार्य चाणक्य ने सदैव अपनी नीतियों के जरिए मानव समाज का कल्याण किया है। चाणक्य जी अपनी नीतियों को लेकर दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं। आचार्य चाणक्य ने अपनी नीतियों के बल पर ही नंद वंश का नाश कर एक साधारण से बालक चंद्रगुप्त मौर्य को मगध का सम्राट बनाया था। इसलिए आचार्य चाणक्य की नीतियां आज के समय में भी प्रासंगिक मानी जाती हैं। कहा जाता है कि जो भी व्यक्ति चाणक्य जी की नीतियों का अनुसरण करता है, वह अपने जीवन में हमेशा सफलता प्राप्त करता है।
आचार्य चाणक्य ने अपने नीति शास्त्र में धन, संपत्ति, पत्नी और दोस्ती समेत सभी विषयों को लेकर सुझाव दिए हैं। चाणक्य जी ने कुछ ऐसे कामों का भी जिक्र किया है, जिनके करने पर धन की देवी मां लक्ष्मी नाराज हो जाती हैं और व्यक्ति के घर में दरिद्रता पनपने लगती है। चाणक्य जी के अनुसार केवल ऐसे लोगों को ही अपने जीवन में मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त होता है, जो हमेशा अच्छी आदतों को अपनाकर आगे बढ़ते हैं। ऐसे लोग अपने जीवन में हर लक्ष्य को प्राप्त कर लेते हैं। आइए जानते हैं कि चाणक्य जी के अनुसार अगर माता लक्ष्मी को प्रसन्न करना है तो किन कार्यों को भूलकर भी नहीं करने चाहिए-
किसी से विश्वासघात करना: आचार्य चाणक्य के अनुसार कुछ लोग अपने स्वार्थ को साधने के लिए किसी को भी धोखा देने से भी पीछे नहीं हटते हैं। विश्वासघाती मनुष्य को कभी भी मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त नहीं होता है। ऐसे लोगों के जीवन में हमेशा धन की कमी रहती है। कभी-कभी तो ऐसा होता है कि इनके अपने भी इनका साथ छोड़ देते हैं। विश्वासघाती लोगों की सच्चाई का पता चलने के बाद लोग उनसे दूरी बना लेते हैं।
अहंकार करने वाला: आचार्य चाणक्य के अनुसार अहंकार मनुष्य का सबसे बड़ा शत्रु है। जो व्यक्ति अहंकार करता है, मां लक्ष्मी उस पर कभी भी मेहरबान नहीं होती। धन की देवी अहंकारी लोगों का बहुत जल्द ही साथ छोड़ देती हैं। इसलिए चाणक्य जी लोगों को अहंकार से बचने की सलाह देते हैं। आचार्य चाणक्य के अनुसार अंहकार के कारण अक्सर लोगों को जीवन में कड़ा संघर्ष करना पड़ता है।