आचार्य चाणक्य अर्थशास्त्र और राजनीति के महान ज्ञाता माने जाते हैं। इनकी चाणक्य नीति पुस्तक में जीवन को सफल बनाने के लिए कई उपयोगी सुझाव दिए गए हैं। आज के दौर में खुशहाल जीवन जीने के लिए धन बेहद जरूरी है। चाणक्य ने भविष्य के लिए पैसों की बचत करके रखने और आय में वृद्धि के लिए कई बातें बताई हैं। जिसका अनुसरण कर आप तनाव मुक्त जीवन जी सकते हैं।

चाणक्य अनुसार धन कमाना जितना जरूरी है उससे ज्यादा जरूरी है धन की बचत करके रखना। बुरे समय में रखा हुआ पैसा ही काम आता है। जो व्यक्ति बुरे समय के लिए पैसा बचाकर रखता है वह बुद्धिमान कहलाता है। इसके विपरीत जो व्यक्ति अपना पैसा पानी की तरह फालतू की चीजों में व्यर्थ कर देता है, वो संकट की घड़ी में हाथ मलता रह जाता है।

चाणक्य ने धन को बचाने का सबसे बड़ा उपाय उसे खर्च करना बताया है। जिस प्रकार तालाब या बर्तन में रखा पानी एक समय बाद खराब होने लगता है वैसे ही बिना प्रयोग वाला धन भी कुछ समय बाद काम में नहीं आता। इसलिए धन का प्रयोग हमेशा दान, निवेश और सुरक्षा के कार्यों में करते रहना चाहिए।

पैसा कमाने के लिए कई बार जोखिम भी उठाना पड़ता है। चाणक्य कहते हैं कि जीवन में चुनौतियों का सामना करने वाला व्यक्ति हमेशा कामयाब रहता है। इसलिए जोखिम उठाना चाहिए, घबराना नहीं चाहिए।

लक्ष्मी को चंचल माना जाता है। इसलिए लक्ष्मी का उपयोग बड़ी ही सावधानी से करना चाहिए। चाणक्य कहते हैं कि जो व्यक्ति पैसे का उपयोग सही जगह और सही समय के हिसाब से करता है उसे हमेशा सफलता मिलती है। इसके अलावा जो लोग पैसे का प्रयोग गलत मकसद के लिए या अय्याशी के कामों में करते हैं उनका पैसा एक समय बाद नष्ट हो जाता है।

चाणक्य कहते हैं कि ऐसे धन से कोई फायदा नहीं होता जिसके लिए अधर्म का मार्ग अपनाना पड़े या फिर दुश्मनों से हाथ मिलाना पड़े। चाणक्य नीति कहती है धन की प्राप्ति के लिए लक्ष्य का पता होना बेहद जरूरी है। क्योंकि अगर लक्ष्य निर्धारित नहीं होगा तो सफलता नहीं मिल पाएगी। चाणक्य ये भी कहते हैं कि धन संबंधी कार्यों की जानकारी किसी से शेयर नहीं करनी चाहिए।