Chanakya Niti In Hindi: चाणक्य नीति जीवन जीने की कला सिखाती है। आचार्य चाणक्य ने अपने नीति ग्रंथ में लाइफ में आने वाली परेशानियों से निपटने के लिए कई उपाये बताएं हैं। जिसका अनुसरण करके आप सुखी और सफल जीवन जी सकते हैं। चाणक्य की नीतियों के बदौलत ही चंद्रगुप्त मौर्य मगध के सम्राट बन पाए। यहां हम चाणक्य नीति से जानेंगे कि किस एक चीज से आप पूरे संसार को अपना मुरीद बना सकते हैं…

यदीच्छसि वशीकर्तुं जगदेकेन कर्मणा ।
परापवादसस्येभ्यः गां चरन्तीं निवारय ॥
इस श्लोक में बताया गया है कि अगर सारे जगत को अपने वश में करना चाहते हैं या अपना मुरीद बनाना चाहते हैं तो बस अपनी एक आदत का आपको त्याग करना होगा वो है बुराई करने की आदत। इसका त्याग करने से सभी आपको पसंद करने लगेंगे और आपकी ग्रोथ के लिए भी ये अच्छा है। चाणक्य के अनुसार संसार को वश में करने का एक यही उपाय है कि अपनी जुबान से किसी की बुराई न करें। जीभ जब भी ऐसा करने की सोचे तो उसे रोक लें। वशीकरण करने का इससे बढ़कर उपाय कोई नहीं है।

तावन्मौनेन नीयन्ते कोकिलश्चैव वासराः।
यावत्सर्वं जनानन्ददायिनी वान प्रवर्तते।।
चाणक्य ने इस श्लोक में वाणी के महत्व को बताया है। जिस प्रकार कोयल जब तक वसंत नहीं आ जाता चुप रहती है। वसंत आने पर ही अपनी मधुर आवाज से सबका मन मोहती है। उसी प्रकार मनुष्य को भी हमेशा मीठा ही बोलना चाहिए, अगर मीठा नहीं बोल सकते तो चुप रहने में ही आपकी भलाई है।

लुब्धमर्थेन गृह्णीयात् स्तब्धमंजलिकर्मणा।
मूर्खं छन्दानुवृत्त्या च यथार्थत्वेन पण्डितम्।।
आचार्य चाणक्य ने इस श्लोक के माध्यम से बताया है कि किसी लालची व्यक्ति को पैसा देकर वश में किया जा सकता है। किसी विद्वान और समझदार व्यक्ति को वश में करना है तो उसके सामने केवल सच ही बोलना चाहिए। किसी मूर्ख को अपने वश में करना हो तो वह जैसा-जैसा बोलता हैं, हमें ठीक वैसा ही करना चाहिए। झूठी प्रशंसा से मूर्ख व्यक्ति प्रसन्न होते हैं। घमंडी और अभिमानी लोगों को हाथ जोड़कर या उन्हें उचित मान-सम्मान देकर अपने वश में करना चाहिए।