Chanakya Niti In Hindi: आज के समय में शायद ही कोई ऐसा काम हो जिसे करने के लिए पैसे की जरूरत न पड़े। इसलिए हर कोई पैसा कमाने के लिए कठिन से कठिन परिश्रम करता है। लेकिन फिर भी कई बार पैसों की दिक्कत बनी रहती है। आचार्य चाणक्य ने अपनी नीति पुस्तक के माध्यम से इस परेशानी का भी समाधान बताया है। जिसका अनुसरण कर आप अपने जीवन को सफल और कामयाब बना सकते हैं। जानिए चाणक्य नीति धन को लेकर क्या कहती है…
चाहे नौकरी हो या व्यवसाय किसी भी काम में सफलता मिलने पर ही धन का आगमन हो पाता है। अब सफलता कैसे मिले? इसके लिए चाणक्य कहते हैं कि जब भी कोई काम शुरू करें तो समय की परख जरूर कर लेनी चाहिए। क्योंकि समझदार इंसान किसी भी काम की शुरुआत समय और काल को परख कर ही करता है। अन्यथा गलत समय पर शुरू किया गया काम केवल आपको निराशा ही देता है।
किसी भी काम को शुरू करने जा रहे हैं तो अपने आप से 3 प्रश्न जरूर पूछें- पहला प्रश्न में ये काम क्यों करना चाहता हूं? इसका परिणाम क्या होगा? और क्या सफलता मिलेगी? इन सवालों के उचित जवाब मिलने पर ही काम शुरू करें।
जीवन में आगे बढ़ना है तो कभी भी बीते समय को लेकर परेशान न हों। अगर आपसे कोई गलती हो गई है तो उससे शिक्षा प्राप्त करके अपने आज को श्रेष्ठ बनाने की हर पल कोशिश करें। इससे भविष्य अपने आप ही सुरक्षित हो जाएगा।
समझदार व्यक्ति हमेशा अपनी कमाई और खर्चे में उचित तालमेल बनाकर रखता है। जो लोग आय से अधिक धन खर्च करते हैं उन्हें हमेशा परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आप चाहते हैं कि धन को लेकर आपको कभी परेशानी न आए तो आय से अधिक खर्च न करें।
चाणक्य नीति कहती है कि लक्ष्मी उसी के पास रुकती है जो सत्य और मीठा बोलता है। इसी के साथ जो व्यक्ति साफ सफाई से रहता है उस पर लक्ष्मी की सदैव कृपा बनी रहती है। चाणक्य के मुताबिक लक्ष्मी आप पर मेहरबान रहे उसके लिए आपको हमेशा समय पर सोना और समय पर उठना चाहिए। शास्त्रों में भी बताया गया है कि सूर्योदय और सूर्यास्त के समय सोने वाले इंसान के पास पैसा कभी नहीं रुकता।
धन हमेशा आपके पास बना रहे इसके लिए जरूरी है उसका संचय करके रखना। जो व्यक्ति बुरे समय के लिए पैसे बचाकर रखता है उसे कभी संकटों का सामना नहीं करना पड़ता। वहीं जो लोग अपना पैसा भोग विलास की चीजों में नष्ट कर देते हैं बुरा समय आने पर ये लोग हाथ मलते रह जाते हैं।
किसी भी काम में सफलता तभी मिलती है जब लक्ष्य निर्धारित हो फिर ये काम चाहे पैसे कमाने का ही हो। चाणक्य कहते हैं इसलिए हमेशा पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करें और अपनी योजनाओं की चर्चा किसी से न करें। जो व्यक्ति अपने काम को ध्यान लगाकर करता है उसे सफलता निश्चित ही मिल जाती है।