Chanakya Niti in Hindi: चाणक्य नीति में आचार्य चाणक्य के विचारों का सार संग्रहित है। इनका अनुसरण कर लोग अपनी जिंदगी की कई परेशानियों को दूर कर सकते हैं। आचार्य चाणक्य राजनैतिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विषयों के बारे में बहुत गहरी जानकारी रखते थे। इसलिए अगर किसी व्यक्ति को कोई भी परेशानी होती है भले ही वो आर्थिक हो या सामाजिक, वो चाणक्य नीति में अपनी समस्याओं का समाधान ढूंढ़ सकते हैं।

हर कोई चाहता है कि उसे अपने किसी भी कार्य को करने में धन की कमी न हो। पर कई बार उसे अपने प्रयासों में सफलता मिल जाती है तो कई बार ऐसा नहीं भी हो पाता। धनवान बनने के लिए चाणक्य ने अपनी नीतियों में कई बातें बताई हैं, आइए जानते हैं विस्तार से –

बराबर वालों से करें दोस्ती: आचार्य चाणक्य के मुताबिक सफल होने के लिए लोगों अपने समान विचार रखने वालों से ही दोस्ती करनी चाहिए। बराबरी में दोस्ती करने से आपके दोस्त आपको अपने उद्देश्य तक पहुंचने में मदद करते हैं। चाणक्य नीति में इस बात का जिक्र मिलता है कि बिजनेस में कामयाबी उन्हीं लोगों को मिलती है जो व्यवहारिक होते हैं और जिन्हें अच्छी तरह बोलना आता हो।

जोखिम लेने से न डरें: चाणक्य अनुसार धनवान बनने के लिए कई बार जोखिम भी उठाने पड़ते हैं। जो व्यक्ति सही समय पर जोखिम उठाता है वह सफल होता है। माना जाता है कि व्यापारियों को कई बार धन लाभ के लिए कई तरह के रिस्क लेने पड़ते हैं। ऐसे में चाणक्य कहते हैं कि इंसान को धनवान बनने के लिए अगर जोखिम भी उठाना पड़े तो इससे भी उसे पीछे नहीं हटना चाहिए।

जानकारी प्राप्त करें: चाणक्य नीति के अनुसार बिजनेस में ऐसे लोग ही सफल होते हैं जिन्हें इस बात की जानकारी होती है कि वर्तमान में क्या चल रहा है, समय कैसा है, सुख के दिन हैं या फिर दुख के और परिस्थिति अनुसार ही वे फैसला लेते हैं। इतना ही नहीं, अगर किसी व्यक्ति से बात करने जा रहे हों तो उस स्थिति में भी पहले सभी जानकारी इकट्ठा कर लें। चाणक्य कहते हैं कि अगर लोगों को विषय से संबंधी सभी जानकारियां होंगी तो इससे सफलता मिलने के आसार बढ़ जाते हैं।

नहीं छोड़ें धर्म का साथ: चाणक्य कहते हैं कि ऐसे धन से कोई फायदा नहीं होता जिसके लिए अधर्म का मार्ग अपनाना पड़े या फिर दुश्मनों से हाथ मिलाना पड़े।