Chanakya Niti in Hindi: आचार्य चाणक्य को महान राजनीतिज्ञ और कूटनीतिज्ञ का दर्जा दिया गया है। चाणक्य की नीतियों की मदद से ही चंद्रगुप्त मौर्य भारतवर्ष के सम्राट बने थें। राजकाज के अलावा, चाणक्य की नीतियां गृहस्थ जीवन से जुड़ी कई बातें भी बताती हैं। इतना ही नहीं, जिन लोगों को धन संबंधी दिक्कतें परेशान कर रही हैं, अगर वो आचार्य की नीतियों का अनुसरण करेंगे तो संभवतः उन्हें आर्थिक दिक्कतों से निजात मिलेगी। चाणक्य ने अपनी किताब चाणक्य नीति में कई ऐसी बातों का जिक्र किया है जिसका महत्व वर्तमान समय में भी कम नहीं हुआ है। उनके मुताबिक मनुष्य की कुछ खराब आदतों से मां लक्ष्मी कुपित हो सकती हैं और लोगों को पैसों का नुकसान हो सकता है।
न छोड़ें अपनों का साथ: आचार्य चाणक्य ने अपनी नीति पुस्तक में इस बात का जिक्र किया है कि मां लक्ष्मी बेहद चंचल हैं। ऐसे में घर में उनका वास हो, इसके लिए लोगों को कुछ यत्न करने पड़ते हैं। चाणक्य कहते हैं कि मनुष्य को अपने परिजनों, दोस्तों व शुभचिंतकों का हाथ हमेशा थामे रहना चाहिए। उनके अनुसार जो लोग अपनों को बीच मंझदार में छोड़ देते हैं, उनपर मां लक्ष्मी की कृपा नहीं बरसती है। वहीं, जो लोग सभी को साथ लेकर चलते हैं, उन्हें मां लक्ष्मी की कृपा से कभी भी धन की कमी नहीं होती है।
नशे से रहें दूर: युवाओं के लिए दिये गए सुझाव में आचार्य कहते हैं कि ये एक ऐसा पड़ाव है जहां किशोर गलत चीजों के प्रति ज्यादा आकर्षित होते हैं। नशा करना भी एक ऐसी ही बुरी आदत है जो युवाओं को पूरी तरह बर्बाद कर सकती है। नशा करने वाले लोगों पर मां लक्ष्मी कुपित हो उठती हैं। चाणक्य के अनुसार नशे की आदत ज्यादातर लोगों को कम उम्र में ही लगती है, इसलिए इससे बचना जरूरी है।
कठोर न हो वाणी: चाणक्य की मानें तो जो लोग मधुरता से अपनी बात कहते हैं उनसे न केवल सामने मौजूद लोग बल्कि मां लक्ष्मी भी प्रसन्न होती है। ऐसे लोगों पर सदैव धन की देवी की कृपा बनी रहती है और उनका घर सुख-समृद्धि से भरा रहता है।
