Kanya Pujan 2025 Muhurat: हिंदू धर्म में नवरात्रि के दौरान किए जाने वाले कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है। इसमें 9 कन्याओं को माता रानी का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है और प्रसाद खिलाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि के दौरान कन्या पूजन करने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और घर में खुशियों का आगमन होता है। यूं तो कन्या पूजन अष्टमी और नवमी, दोनों दिन किया जाता है। ऐसे में आज चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि है, तो आइए जान लेते हैं कन्या पूजन का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि, महत्व और मंत्र क्या है।
नवमी तिथि कन्या पूजन 2025 मुहूर्त (Navami Tithi Kanya Pujan Muhurat 2025)
हिंदू पंचांग के अनुसार, नवमी तिथि की शुरुआत 5 अप्रैल को रात 7 बजकर 26 मिनट से हो चुकी है और यह तिथि आज यानी 6 अप्रैल को रात 7 बजकर 22 मिनट तक रहेगी। वहीं, कन्या पूजन के लिए अभिजित मुहूर्त सुबह 11 बजकर 58 मिनट से दोपहर 12 बजकर 50 मिनट तक रहेगा। ऐसे में आप इस समय कन्या पूजन कर सकते हैं।
कन्या पूजन विधि (Kanya Pujan Vidhi)
सबसे पहले कन्या पूजन के दिन कन्याओं को सम्मानपूर्वक बुलाएं और उन्हें अपने घर में बिठाएं। इसके बाद सभी कन्याओं के पैर धोएं। फिर उनके माथे पर रोली और अक्षत का तिलक लगाएं। आप उन्हें मां दुर्गा का रूप मानकर उनकी विधिपूर्वक पूजा करें। पूजा करने के बाद उन्हें हलवा, पूरी, चना आदि प्रसाद खिलाएं। भोजन करवाने के बाद आप उन्हें उपहार और दक्षिणा जरूर दें। आप कन्या पूजन में उन्हें चुनरी भी भेंट कर सकते हैं। ऐसा करना बेहद शुभ माना जाता है। आखिरी में कन्याओं के पैर स्पर्श करके उन्हें सम्मानपूर्वक विदा करें।
कन्या पूजन 2025 मंत्र (Kanya Pujan 2025 Mantra)
या देवी सर्वभूतेषु ‘कन्या ‘ रूपेण संस्थिता ।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः ।।
ॐ श्री दुं दुर्गायै नमः ।।
ॐ श्री कुमार्यै नमः ।।
ॐ श्री त्रिगुणात्मिकायै नमः ।।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
