मकर राशि के लोग मेहनती और काम को लेकर समर्पित माने जाते हैं। मकर राशि वालों का स्वामी ग्रह शनि माना जाता है, इसी के कारण ये महान और अनुशासित बनते हैं। मकर राशि वालों का स्वभाव शांतिप्रिय माना जाता है। ये किसी पर निर्भर होना पसंद नहीं करते हैं। ये कठोर मेहनत करने वाले लोगों में से होते हैं। इसी के साथ जोखिम भरे रास्तों पर चलना इनका पसंदीदा टास्क होता है। कई बार मकर राशि के जातकों पर नकारात्मक विचार हावी होने लगते हैं जिसके कारण वो निराशावादी हो जाते हैं। ऐसा नहीं है कि ये सिर्फ काम को लेकर ही मेहनती होते हैं, इनके लिए हर कार्य जरुरी होता है। यदि ये घूमने या पार्टी करने जाते हैं तो वहीं के हो जाते हैं, इनकी एक खामी मानी जाती है कि ये लोगों को ज्यादा देर तक खुश नहीं रख पाते हैं।
मकर राशि के लोग व्यंग में बात करना पसंद करते हैं और किसी को कोई बात का ताना देना हो तो ये अपनी व्यंगपूर्ण भाषा का ही प्रयोग करते हैं। ऐसा नहीं है कि ये हमेशा दूसरों को हानि पहुंचाने के बारे में सोचते हैं, कई बार अपने परिजनों की भलाई के लिए भी काम करते हैं। इस राशि का स्वामी शनि माना जाता है जिसके कारण इनकी जिंदगी बहुत ही साधारण होती है और दूसरों को इनकी जिंदगी बहुत ही निरस नजर आती है। मकर राशि के जातक दिखते तो कठोर हैं लेकिन वो अपने कोमल पक्ष को दुनिया से छुपा कर रखते हैं। स्वामी ग्रह शनि उम्र के साथ संस्कृति, सफलता और सम्मान दिलाता है।
मकर राशि के लोग भरोसेमंद और देखभाल करने वाले माने जाते हैं। ये किसी के साथ भावनाओं में नहीं बहते हैं। ये हमेशा नियंत्रण में रहते हैं और संतुलित जवाबदेही पसंद करते हैं। ये अपनी इच्छाओं और लालसा को प्रकट करना पसंद नहीं करते हैं। ये प्रेम के प्रति सच्चे रहते हैं और मेहनत से ही हर मुकाम को हासिल करते हैं। मकर राशि के व्यक्ति चतुर व्यापारी बन सकते हैं जो जल्दबाज़ी में निर्णय नहीं लेते हैं। मकर राशि वालों के सामने किसी तरह का दिखावा नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए उनके पास वक्त भी नहीं होता और उन्हें दूसरों का ऐसा करना पसंद भी नहीं आता है।


