बुध ग्रह गोचर (Mercury Transit): 2 अगस्त 2020 यानी रविवार को होने जा रहा है। इस बार बुध, मिथुन राशि को छोड़कर कर्क राशि में गोचर करेंगे और 17 अगस्त तक इसी राशि में स्थित रहेंगे। बुध के राशि परिवर्तन का समय सुबह 03 बजकर 41 मिनट रहेगा। साथ ही इस दिन कर्क राशि में सूर्य के पहले से होने की वजह से बुधादित्य योग भी बन रहा है। शास्त्रों के अनुसार इस योग को बेहद शुभ माना जाता है। ज्योतिष विद्या के मुताबिक बुध ग्रह ज्ञान के देवता माने जाते हैं। बुध राशि परिवर्तन का असर कानून, वाणिज्य, शिल्प और स्वास्थ्य पर होता है। इनका सीधा असर बुद्धि पर पड़ता है। बुध ग्रह से जातकों की त्वचा भी प्रभावित होती है। इस ग्रह का लेखन से जुड़े क्षेत्रों पर भी प्रभाव पड़ता है। ये ग्रह जीवन को बहुत अधिक प्रभावित करता है। आइए जानते हैं बुध की चाल बदलने से इस बार 12 राशियों (Mercury Transit effects on Zodiac signs) पर क्या प्रभाव पड़ने वाला है –
मेष राशि: मेष राशि के जातकों के लिए बुध का कर्क राशि में परिवर्तन अत्यंत शुभ फल देने वाला साबित होगा। परिवार, नौकरी और वाहन सुख मिलने की संभावनाएं हैं। वाणी पर नियंत्रण रखें। यह समय आपको सभी ओर से अच्छे परिणाम दे सकता है। धन की स्थिति ठीक बनी रहेगी। लंबे समय से अटके कामों को पूरा करेंगे। बुधवार को गाय को हरा चारा खिलाएं।
वृषभ राशि: वृष राशि वालों के लिए यह समय मिले-जुले फल देने वाला है। धन लाभ होगा। शत्रुओं पर विजय मिलेगी। नया कार्य शुरू करने में सहयोग मिलेगा। परिवार में खुशी का माहौल रहेगा लेकिन वाणी पर नियंत्रण न रखने से अपमान सहना पड़ेगा। साथ ही साहस में असंतुलन आएगा। मित्रों से विवाद भी हो सकता है। दुष्परिणामों से बचने के लिए बुधवार को किन्नरों को हरी चूड़ियां दान करें।
मिथुन राशि: मिथुन राशि के लिए बुध गोचर शुभ फल देने वाला है। जबकि मानसिक तनाव भी रहेगा। धन लाभ होगा। नौकरी – व्यापार में नए अवसर मिलेंगे। पद्दोन्नति की भी संभावनाएं हैं। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। वाणी पर ध्यान दें। पारिवारिक सुख मिलेगा। संतान के स्वास्थ्य में सुधार आएगा। बुधवार को मंदिर में हरा कपड़ा दान करें।
कर्क राशि: बुध कर्क राशि में ही गोचर करने वाला है। यह समय कर्क राशि के जातकों के लिए परेशानियों भरा रहेगा। साहस से कार्य पूर्ण होंगे। पेट संबंधी समस्याएं आ सकती है। संतान की पढ़ाई को लेकर दिक्कतें आएंगी। कठोर वचन कहने से बचें। पारिवारिक सुख में कमी आ सकती है। किसी जरुरतमंद को बुधवार के दिन हरी दाल या हरे रंग का खाद्य पदार्थ दान करें।
सिंह राशि: सिंह राशि के जातकों को यह समय मिले-जुले फल देने वाला है। यात्राएं करनी पड़ेंगी। सुख में कमी आएगी। मन चिंतित रहेगा। शत्रुओं की वजह से दिक्कतें आएंगी। विवादों के कारण परिवार में अशांति आएगी। साथ ही कार्यों में असफलता भी मिल सकती है। कोशिश करें कि इस समय किसी नए कार्य की शुरुआत न करें। साथ ही वाणी और क्रोध पर काबू रखें। बुधवार के दिन दिव्यांगों या कोढ़ियों को हरा पेय पदार्थ पिलाएं।
कन्या राशि: कन्या राशि के जातकों को यह समय बहुत शुभ फल देने वाला है। बुध के कर्क राशि में गोचर से कन्या राशि के जातकों का खुशियों का रास्ता खुलेगा। सभी क्षेत्रों से लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। नौकरी पेशा में लाभ मिलेगा। धन में वृद्धि होगी। मान सम्मान बढ़ेगा। परीक्षाओं में सफलता मिलने के योग भी बन रहे हैं। बुधवार के दिन विद्यार्थियों को किताब दान करें।
तुला राशि: तुला राशि वालों को बुध के इस गोचर से अच्छे और बुरे दोनो तरह के फल प्राप्त होंगे। परिवार में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। विवाद होने की संभावनाएं हैं। नजदीकी संबंधियों से रिश्ते खराब हो सकते हैं। लेकिन शत्रुओं पर विजय होगी। व्यवसाय में लाभ होगा। व्यवसाय से जुड़े कार्यों में सफलता मिलेगी। बुधवार के दिन किसी निर्धन को हरा कपड़ा दान करें।
वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह अच्छा समय है। धार्मिक कार्यों में रुचि बढेगी। किसी बुजुर्ग का सहारा मिलेगा। बहुत समय से अटके काम पूरे होंगे। बाधाएं दूर होंगी। कर्ज से मुक्ति मिलेगी। घर में कोई मांगलिक कार्यक्रम होने की संभावना है। परिवार का सहयोग मिलेगा। बुधवार के दिन गाय को पालक खिलाएं।
धनु राशि: बुध कर्क राशि में गोचर मिला-जुला परिणाम देने वाला साबित होगा। शुभ कार्यों को करने में दिलचस्पी बढेगी। अच्छे परिणाम मिलेंगे। पारिवारिक सुख में वृद्धि होगी। मन प्रसन्न रहेगा। शत्रुओं पर विजय होगी। मानसिक शांति के लिए अधिक सजग होंगे। निर्धनों की सहायता करने का अवसर मिलेगा। साथ ही धन लाभ के भी योग बन रहे हैं। बुधवार को किसी निर्धन कन्या को हरा वस्त्र दान करें।
मकर राशि: मकर राशि के जातकों का जीवनसाथी से विवाद हो सकता है। जबकि नौकरी पेशों के लिए यह अच्छा समय है। धन लाभ भी हो सकता है। इस दौरान कोई नया फैसला लेने से बचें। मानसिक तनाव बढ़ सकता है। मित्रों से अनबन होने के आसार हैं। बुध राशि परिवर्तन के बुरे परिणामों से बचने के लिए कुष्ठ रोगियों को हरा वस्त्र या हरा खाद्य पदार्थ दान करें।
कुंभ राशि: कुंभ राशि के जातकों को आय के नए अवसर मिलेंगे। धन लाभ हो सकता है। पारिवारिक सुख में वृद्धि होगी। मन प्रसन्न रहेगा। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। परिवार में किसी के स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ेगा। शत्रुओं पर विजय प्राप्त होगी। मान-सम्मान में वृद्धि होगी। बुध के नकारात्मक प्रभावों से बचने के लिए बुधवार को किसी निर्धन को या मंदिर में मूंग की दाल दान करें।
मीन राशि: मीन राशि के लिए बुध गोचर का यह समय प्रेम संबंधों में असफलता देगा। धन हानि हो सकती है। नजदीकी संबंधों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। नए लोगों से मिलेंगे। यह समय आपको सभी क्षेत्रों में नए अवसर प्रदान करने वाला होगा। यात्राओं की भी संभावनाएं हैं। बुधवार को गाय को हरा चारा खिलाएं।

