Bhai Dooj 2024 Puja Vidhi, Shubh Muhurat, Tilak Time, Puja Samagri in Hindi: हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज का त्योहार मनाने का विधान है। इस साल यह त्योहार 3 नवंबर 2024 को मनाया जाएगा। भाई दूज का पर्व भाई-बहन के स्नेह और प्रेम का प्रतीक होता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों का तिलक करती हैं और उनकी लंबी उम्र और खुशहाल जीवन के लिए कामना करती हैं। यूं तो इस पर्व को मनाने के पीछे कई कथा प्रचलित है। एक पौराणिक कथा के अनुसार, इसी दिन यमुना ने भाई यम को घर पर बुलाया था और उन्हें टीका लगाया था। तभी से यह पर्व मनाया जाने लगा। भाई दूज को यम द्वितीया भी कहते हैं। वहीं इस बार भाई दूज पर अनुराधा नक्षत्र और सौभाग्य योग का शुभ संयोग भी बन रहा है। ज्योतिष के अनुसार इस योग में तिलक लगाने से भाई-बहन के रिश्ते में मजबूती आती है। ऐसे में आइए जानते हैं भाई दूज की पूजा विधि और तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त के बारे में।

भाई दूज पूजा विधि (Bhai Dooj 2024 Puja Vidhi)

भाई दूज पर यमराज, यमुना, भगवान गणेश और भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। इस दिन सबसे पहले सुबह उठकर स्नान कर लें। उसके बाद घर के मंदिर में घी के दिए जलाएं और देवी-देवताओं का ध्यान करें। इस दिन चावल से चौक बनाया जाता है। इसलिए इसके बाद चौक बना लें। भाई दूज की कथा पढ़ें व सुनाएं। अब बहनें, भाई को तिलक लगाएं और उनकी आरती उतारें। फिर भाई के हाथों पर कलावा बांधें। उसके बाद उन्हें मिठाई खिलाएं। मिठाई खिलाने के बाद भाई के हाथ में नारियल दें और फिर उन्हें भोजन करवाएं।

भाई दूज 2024 पर तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त (Bhai Dooj 2024 Tilak Shubh Muhurat)

पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि की शुरुआत 2 नवंबर को रात 8 बजकर 22 मिनट पर होगी और इस तिथि का समापन 3 नवंबर को रात 11 बजकर 06 मिनट पर होगा। इस दिन भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से लेकर दोपहर 3 बजकर 22 मिनट तक तक रहेगा। इस समय आप अपने भाई को तिलक लगा सकती हैं।

भाई दूज पर पढ़ें ये मंत्र (Bhai Dooj 2024 Mantra)

भाई दूज के दिन पूजा के दौरान इस मंत्र को भी जरूर पढ़ें। मंत्र इस प्रकार है – ‘गंगा पूजे यमुना को यमी पूजे यमराज को, सुभद्रा पूजा कृष्ण को, गंगा यमुना नीर बहे मेरे भाई की आयु बढ़े।’