Bhai Dooj 2022 Tithi And Shubh Muhurt: हिंदू धर्म में भाई दूज के त्योहार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और रिश्ते का प्रतीक माना जाता है। इस दिन बहनें भाई को टीका लगाती हैं, आरती करती हैं और उसकी लंबी उम्र व सेहतमंद जिंदगी की कामना करती हैं। पंचांग के अनुसार हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज का त्योहार मनाया जाता है। इस साल भाई दूज की तिथि को लेकर संशय बना हुआ है। आइए फ्यूचर पंचांग के अनुसार जानते हैं कि भाई दूज की सही तिथि और शुभ मुहूर्त…
जानिए भाई दूज की तिथि
फ्यूचर पंचांग के मुताबिक कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि 26 अक्टूबर को दोपहर 2 बजकर 41 मिनट से शुरू हो रही है और यह अगले दिन 27 अक्टूबर 2022 दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर समाप्त हो जाएगी। इसलिए फ्यूचर पंचांग के अनुसार भाई दूज का त्योहार 26 अक्टूबर को मनाया जाएगा। लेकिन जो लोग उदयातिथि से त्योहार को मनाते हैं, वो लोग 27 अक्टूबर को भाई दूज मना सकते हैं।
जानिए शुभ मुहूर्त
साथ ही जो लोग 26 अक्टूबर को भाई दूज का त्योहार मना रहे हैं, उन लोगों के लिए शुभ मुहूर्त 02 बजकर 43 मिनट से शुरू होगा और 27 अक्टूबर को दोपहर एक बजे तक रहेगा। वहीं 27 अक्टूबर को जो लोग भाई दूज का पर्व मनाएंगे, उनके लिए शुभ मुहूर्त सुबह 11 बजकर 06 मिनट से दोपहर 12 बजकर 47 मिनट तक ही रहेगा। इस तरह इस साल रक्षा बंधन की तरह भाई दूज का त्योहार भी दो दिन मनाया जाएगा।
जानिए महत्व
शास्त्रों में इस दिन यमराज, यमदूत और चित्रगुप्त की पूजा करने का विधान है। वहीं इनके नाम से अर्घ्य और दीपदान भी करना चाहिए। रक्षाबंधन पर जिस तरह बहनें खुद भाई के घर जाती हैं, भाई दूज पर भाई के बहनों के घर जाने की परंपरा है। साथ ही बहन भाई का टीका करती हैंं। उनकी आरती उतारती है और लंबी उम्र की कामना करती हैं।
आपको बता दें कि भाई दूज पर टीका करने से पहले भाई को ऐसी जगह बिठाएं जहां से उसका मुंह उत्तर या उत्तर पश्चिम दिशा की ओर हो और बहन का मुंह पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा की ओर होना चाहिए। क्योंकि वास्तु अनुसार दक्षिण दिशा को अशुभ माना जाता है। इसलिए दक्षिण दिशा से बचना चाहिए।