August 2021 Calendar: अगस्त महीना त्योहारों से भरा रहता है। इस महीने कई प्रमुख त्योहार पड़ते हैं। 4 अगस्त को कामिका एकादशी तो 18 अगस्त को श्रावण पुत्रदा एकादशी पड़ेगी। इसी महीने हरियाली अमावस्या भी आएगी। साथ ही, जन्माष्टमी, रक्षाबंधन और कजरी तीज जैसे कई बड़े त्योहार भी इसी महीने में पड़ने वाले हैं। जानिए अगस्त महीने में होने वाले सभी व्रत त्योहारों की डेट…

अगस्त 04, कामिका एकादशी: इस दिन भगवान विष्णु के उपेंद्र स्वरूप की पूजा की जाती है। कहते हैं कि इस एकादशी का व्रत करने से पिछले जन्म के पाप नष्ट हो जाते हैं। मान्यता है कि यह एक इकलौता व्रत हजारों गायों के दान के बराबर फलदाई होता है।

अगस्त 06, मासिक शिवरात्रि: वैसे तो हर महीने शिवरात्रि पड़ती है। लेकिन सावन की शिवरात्रि का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन भगवान शिव की विशेष पूजा अर्चना होती है। मान्यता है कि इस दिन व्रत रख भगवान शिव की पूजा अर्चना करने से सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।

अगस्त 08, श्रावण अमावस्या: श्रावण मास के कृष्ण पक्ष में आने वाली अमावस्या को हरियाली अमावस्या के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन कई जगह किसान अच्छी बारिश और भरपूर फसल के लिए भगवान को धन्यवाद करते हैं। पितरों की आत्मा की शांति के लिए भी यह महत्वपूर्ण तिथि मानी गई है।

11 अगस्त, हरियाली तीज: हिंदू पंचांग अनुसार हरियाली तीज श्रावण मास में शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि के दिन मनाई जाती है। इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने परिवार और अपने पति की सुख समृद्धि और लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखती हैं। कई जगहों पर हरियाली तीज के दिन भव्य मेलों का आयोजन भी किया जाता है।

13 अगस्त, नाग पंचमी: हिंदू पंचांग के अनुसार श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी मनाई जाती है। ये सावन महीने का एक प्रमुख त्योहार है। इस दिन नाग देवता की पूजा की जाती है। रुद्राभिषेक कराने के लिए भी ये दिन विशेष माना जाता है। (यह भी पढ़ें- अगस्त राशिफल 2021: मेष, वृषभ और सिंह समेत इन राशियों के लिए अगस्त महीना शुभ, जानिए अपनी राशि का हाल)

17 अगस्त, सिंह संक्रांति: सूर्य जब सिंह राशि में प्रवेश करता है तब सिंह संक्रांति मनाई जाती है। संक्रांति मुख्य रूप से भारत के दक्षिणी हिस्सों में धूमधाम से मनाई जाती है। इस दिन भगवान सूर्य, भगवान विष्णु के साथ भगवान नरसिंह की पूजा भी की जाती है।

18 अगस्त, श्रावण पुत्रदा एकादशी: हिंदू पंचांग के अनुसार सावन महीने में शुक्ल पक्ष की एकादशी को श्रावण पुत्रदा एकादशी मनाई जाती है। कहते हैं जो व्यक्ति इस दिन व्रत रख भगवान विष्णु की विधि विधान पूजा करता है उसे वाजपेय यज्ञ के समान शुभ फल की प्राप्ति होती है। संतान प्राप्ति के इच्छुक लोगों के लिए भी ये व्रत फलदायी माना जाता है।

21 अगस्त, ओणम/थिरुवोणम: ओणम केरल में 10 दिनों तक चलने वाला एक प्रसिद्ध त्योहार है। 10 दिनों तक मनाए जाने वाले इस त्योहार का दसवां दिन ही सबसे प्रमुख होता है। इस त्योहार के दौरान लोग अपने घरों को फूलों से सजाकर रखते हैं और भगवान विष्णु और बाली की पूजा करते हैं।

22 अगस्त, रक्षाबंधन: हिंदू पंचांग के अनुसार रक्षाबंधन का त्योहार हर साल श्रावण मास की पूर्णिमा के दिन पड़ता है। यह त्यौहार भाई-बहन को समर्पित होता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी यानी रक्षा सूत्र बांधती हैं और उनके लंबे और सुखी जीवन की कामना करती हैं। इसके अलावा इस दिन भाई भी अपनी बहनों को उपहार देते हैं।

25 अगस्त,कजरी तीज: हिंदू पंचांग के अनुसार कजरी तीज भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की तृतीया को मनाई जाती है। यह व्रत मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार राज्यों में मनाया जाता है। इस दिन शादीशुदा महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। (यह भी पढ़ें- अंक ज्योतिष की अगस्त महीने को लेकर भविष्यवाणी; इन जन्म तारीख वाले लोगों की आय में हो सकती है वृद्धि)

30 अगस्त, जन्माष्टमी: जन्माष्टमी भाद्रपद महीने के आठवें दिन मनाई जाती है। इस दिन कृष्ण जी के मंदिरों में एक खास ही रौनक देखने को मिलती है। खासकर कृष्ण भगवान की जन्मस्थली मथुरा में यह पर्व धूमधाम से मनाया जाता है।