हिंदू धर्म के अनुसार हर दिन देवता को समर्पित किया जाता है। माना जाता है कि हर तिलक का अपना महत्व होता है और इससे शांति और ऊर्जा की प्राप्ति होती है। कई लोगों पर ग्रहों की क्रूर दृष्टि होती है जिसके कारण उनके जीवन में कई परेशानियां आती हैं। इनसे बचने के लिए यदि सप्ताह के दिन अनुसार तिलक धारण करेंगे तो वो आपके लिए शुभ माना जाता है और ग्रहों की दृष्टि शांत होती है। ज्योतिष शास्त्र अनुसार माना जाता है कि मोक्ष पाने के लिए अंगूठे से तिलक लगाना शुभ माना जाता है। शत्रु परेशान करें तो उसके लिए इंडेक्स फिंगर से तिलक लगाना चाहिए।

सोमवार- इस दिन को भगवान शिव को समर्पित किया जाता है। चंद्रमा को इस दिन का स्वामी माना जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार इस दिन चंदन का तिलक लगाने से मन शांत और स्थिर रहता है। शिव की उपासना करने वाले भस्म का तिलक लगाना शुभ मानते हैं।

मंगलवार- ये दिन भगवान राम के प्रिय भक्त हनुमान को समर्पित किया जाता है। मंगल ग्रह इस दिन का स्वामी माना जाता है। इस दिन लाल चंदन लगाना शुभ माना जाता है। कुछ लोग सिंदूर में चमेली का तेल मिलाकर लगाते हैं इससे पूरे दिन ऊर्जा बनी रहती है। माना जाता है इससे दिमाग से नकारात्मक शक्तियां दूर होती हैं।

बुधवार- सप्ताह के इस दिन को भगवान गणेश को समर्पित किया जाता है। इस दिन के स्वामी बुध ग्रह माने जाते हैं। बौद्धिक क्षमता के विकास के लिए इस दिन सूखा सिंदूर लगाना शुभ माना जाता है।

[jwplayer PBp2LEd4]

बृहस्पतिवार- भगवान विष्णु के रुप बृहस्पतिदेव को ये दिन समर्पित किया जाता है। इस दिन पीले रंग और श्वेत मिश्रित रंग का तिलक लगाना शुभ माना जाता है। चंदन दिमाग को शांत करता है इसके साथ ही ये शुभता का संकेत देता है। हल्दी और गोरोचन का तिलक सुख-शांति का प्रतीक होता है।

शुक्रवार- ये दिन माता संतोषी को अर्पित किया जाता है। माता लक्ष्मी का व्रत करके इस दिन विशेष आशीर्वाद प्राप्त किया जाता है। इस दिन के स्वामी शुक्र ग्रह माने जाते हैं। इस दिन लाल चंदन का तिलक लगाने से तनाव दूर होता है और सुख-समृद्धि आती है। सिंदूर लगाना भी शुभता का संकेत देता है।

शनिवार- इस दिन को काल भैरव को समर्पित किया जाता है। शनिवार के स्वामी शनि ग्रह को माना जाता है। इस दिन लाल चंदन का तिलक लगाना भी शुभ माना जाता है। काल भैरव को प्रसन्न करने के लिए भस्म का तिलक भी लगाया जा सकता है।