Akshaya Navami 2024: हिंदू धर्म में अक्षय नवमी का विशेष महत्व है। पंचांग के अनुसार, अक्षय नवमी कार्तिक मास के शुक्‍ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाई जाती है। इस साल 10 नवंबर को अक्षय नवमी का पर्व मनाया जाएगा। वहीं आपको बता दें कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने से सुख- समृद्धि की प्राप्ति होती है। साथ ही धार्मिक मान्‍यताओं के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्‍णु का वास होता है। इस दिन आंवले के पेड़ की छांव में बैठना और उसके नीचे खाना बनाना भी बहुत शुभ माना जाता है। वहीं इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता है। आइए जानते हैं अक्षय नवमी की तिथि और शुभ मुहूर्त…

अक्षय नवमी तिथि 2024

वैदिक पंचांग के मुताबिक अक्षय नवमी तिथि की शुरुआत 9 नवंबर की रात को 10 बजकर 44 मिनट पर होगी और अगले दिन 10 नवंबर को रात 9 बजकर 1 मिनट पर यह समाप्त होगी। इसलिए उदया तिथि की मान्‍यता के अनुसार अक्षय नवमी 10 नवंबर की रात को मनाई जाएगी।

आंवला नवमी शुभ मुहूर्त 2024

इस साल अक्षय नवमी की पूजा के लिए आपको 5 घंटे 25 मिनट का शुभ मुहूर्त प्राप्त होगा। आपको बता दें कि अक्षय नवमी की पूजा के लिए शुभ समय सुबह 6 बजकर 40 मिनट से दोपहर 12 बजकर 5 मिनट तक है। वहीं अभिजीत मुहूर्त दिन में 11:43 बजे से दोपहर 12:27 बजे तक है।

आंवला नवमी का महत्व

सनातन धर्म में आंवला नवमी का विशेष महत्व है। वहीं आंवला नवमी का दिन भगवान विष्णु को समर्पित होता है। इस दिन भगवान विष्णु और आंवले के वृक्ष की पूजा- अर्चना करने से सुख- समृद्धि की प्राप्ति होती है। साथ ही अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इसलिए इसका नाम अक्षय नवमी है। मतलब जो पुण्य कभी नष्ट न हो।  साथ ही इस दिन जो भी शुभ कार्य जैसे दान, पूजा-अर्चना, भक्ति, सेवा आदि की जाती हैं, उसका पुण्य कई जन्म तक मिलता है। इस दिन आंवले का दान करना बेहद शुभ माना जाता है। ऐसा करने से इंसान की हर मनोकामना पूरी होने की मान्यता है और जीवन के सारे कष्ट भी दूर हो सकते हैं। साथ ही इस दिन गरीबों और जरूरतमंदों को भोजन कराना चाहिए। ऐसा करने से मां अन्नपूर्णा की कृपा प्राप्त होती है।