Amarnath Yatra 2019: धार्मिक यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। चार धाम की यात्रा के साथ-साथ अब अमरनाथ यात्रा की शुरुआत होने वाली है। साल 2019 में अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 1 जुलाई से होने वाली है। बता दें कि यह धार्मिक यात्रा 15 अगस्त तक चलेगी। इसके लिए पहला जत्था 1 जुलाई को निकलेगा। मान्यता है कि हिन्दू धर्म में आस्था रखने वाले लोग जीवन में एक बार अवश्य अमरनाथ यात्रा पर जाते हैं। साथ ही शिव भक्त ऐसा मानते हैं कि इस यात्रा में कठिनाई जितनी भी हो लेकिन उन्हें सुकून जरूर मिलता है। बाबा बर्फानी के दर्शन हेतु इस कठिन यात्रा में कुछ आवश्यक बातों का ध्यान हर यात्री को रखना होता है, तभी यात्रा सफल मानी जाती है। आगे जानते हैं कि बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए।
यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन: अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होने के साथ-साथ कठिन भी होता है। इसके लिए यात्री को अपनी यात्रा से तकरीबन एक महीने पहले पंजीकरण करवा लेना चाहिए। क्योंकि इसके बाद ही यात्री को परमिट दी जाती है।
- यात्रा के दौरान पास में पर्याप्त कपड़े रखने के अलावा एक छोटी छतरी भी रखें।
- यात्रा के क्रम में मौसम का रुख अचानक बदल सकता है। इसलिए साथ में रेनकोट, विंजचीटर, वाटरप्रूफ पजामा,
- वाटरप्रूफ ट्रेकिंग कोट, टॉर्च, ग्लव्स, जैकेट, मंकी कैप, ऊनी जुराब आदि अवश्य रखें।
- साड़ी पहनकर पैदल यात्रा करना कठिन होता है इसलिए महिलाओं को सलवार-कमीज या पेंट-शर्ट अथवा ट्रेक सूट पहनकर यात्रा करनी चाहिए।
- यात्रियों को अपने पास बिस्कुट, टॉफी या डिब्बाबंद भोजन रखने की सलाह दी जाती है ताकि भोजन की छोटी-मोटी जरूरत को तुरंत पूरा किया जा सके।
- अमरनाथ श्राइन बोर्ड के द्वारा बताए गए सभी नियम कायदों का कड़ाई से पालन करें।
- अपने साथ जरूरी दवाइयां जैसे एसपिरिन और पेन किलर साथ रखें ताकि आपातकाल में इनका इस्तेमाल किया जा सके।
- यात्रा के दौरान में अधिक शारीरिक परिश्रम की आवश्यकता होती है। इसलिए चुस्त या टाइट कपड़े पहनने के बजाए ढीले और आरामदायक कपड़े पहनकर ही यात्रा करनी चाहिए।
यात्रा के दौरान क्या न करें?
- यात्रा के कई स्थानों पर चेतावनी लिखी होती है। इन स्थानों पर बिल्कुल भी न रूकें।
- चप्पल पहन कर यात्रा न करें क्योंकि यात्रा का रास्ता उबड़-खाबड़ हो सकता है और बारिश के कारण फिसलन बढ़ सकती है केवल ट्रेकिंग शूज पहन कर ही यात्रा करें।
- किसी भी तरह के शॉर्टकट का इस्तेमाल न करें यह खतरनाक हो सकता है।
- यात्रा के दौरान पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि से बचें।

