Kab Hai Amalaki Ekadashi 2024: हिंदू धर्म में एकादशी का विशेष महत्व है। हिंदू पंचांग के अनुसार साल में कुल 24 एकादशी पड़ती है। ऐसे में हर मास के कृष्ण और शुक्ल पक्ष में एक-एक एकादशी पड़ती है और हर एकादशी का विशेष महत्व है। ऐसे ही फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को आमलकी एकादशी कहा जाता है। इसे आंवला एकादशी भी कहते हैं। इस दिन भगवान विष्णु की विधिवत पूजा करने के साथ व्रत के विधान है। इसके अलावा इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा करना विशेष माना जाता है। इस बार एकादशी तिथि दो दिन होने के कारण असमंजस की स्थिति है कि आखिर किस दिन आमलकी एकादशी का व्रत रखा जाएगा। आइए जानते हैं आंवला एकादशी की तिथि, पारण का समय, मुहूर्त और महत्व।
कब है आमलकी एकादशी? (Amalaki Ekadshi 2024 Date)
हिंदू पंचांग के अनुसार, फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी 20 मार्च 2024 को सुबह 12 बजकर 21 मिनट पर शुरू होगी और 21 मार्च 2024 को सुबह 02 बजकर 22 मिनट पर समाप्त होगी। ऐसे में उदया तिथि के हिसाब से आमलकी एकादशी व्रत 20 मार्च को ही रखा जाएगा।
आमलकी एकादशी 2024 पूजा मुहूर्त (Amalaki Ekadshi 2024 Muhurat)
आमलकी एकादशी के दिन 20 मार्च को सुबह 6 बजकर 25 मिनट से 9 बजकर 27 मिनट तक है।
आमलकी एकादशी का व्रत पारण (Amalaki Ekadshi 2024 Paran Time)
21 मार्च 2024 को दोपहर 01 बजकर 41 मिनट से शाम 04 बजकर 07 मिनट तक।
आमलकी एकादशी पर बन रहा शुभ योग (Amalaki Ekadshi 2024 Shubh Yog)
वैदिक पंचांग के अनुसार, आमलकी एकादशी के दिन रवि योग के साथ कई शुभ योग बन रहे हैं। 20 मार्च को सुबह 06 बजकर 25 मिनट से रवि योग शुरू होगा, जो रात 10 बजकर 38 मिनट पर समाप्त होगा। इसके साथ ही अतिगण्ड योग सुबह से शाम 05 बजकर 01 मिनट तक बै। इसके अलावा पुष्य नक्षत्र रात 10 बजकर 38 मिनट तक है।
आमलकी एकादशी व्रत का महत्व (Amalaki Ekadshi 2024 Significance)
पद्म पुराण के अनुसार, आमलकी एकादशी का व्रत रखने से सैकड़ों तीर्थ करने के बराबर पुण्य की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही कई यज्ञों को करने के बराबर फल की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।
आमलकी एकादशी पर आंवला पूजा का विशेष महत्व (Amalaki Ekadshi 2024 Amla Pujan)
आमलकी एकादशी के दिन आंवला के पेड़ की पूजा करना शुभ माना जाता है। माना जाता है कि आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास होता है। इसलिए आंवले के पेड़ का पूजा करने से व्यक्ति को हर तरह के दुख-दर्द और पापों से मुक्ति मिल जाती है। इसके अलावा इस दिन आंवला खाना काफी शुभ माना जाता है।
डिसक्लेमर- इस लेख में दी गई किसी भी जानकारी की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों जैसे ज्योतिषियों, पंचांग, मान्यताओं या फिर धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है। इसके सही और सिद्ध होने की प्रामाणिकता नहीं दे सकते हैं। इसके किसी भी तरह के उपयोग करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।