Aja Ekadashi 2022: हिंदू धर्म में एकादशी व्रत का विशेष महत्व है। इस दिन श्री हरि विष्णु की पूजा- अर्चना की जाती है। एकादशी के दिन लोग व्रत रखते हैं। एकादशी व्रत का सीधा प्रभाव मन और शरीर दोनों पर पड़ता है। वहीं इस दिन ज्योतिषीय उपाय करके ग्रहों के नकारात्मक प्रभाव को कहीं हद तक कम किया जा सकता है। साथ ही इस दिन भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी का आशीर्वाद भी प्राप्त किया जा सकता है। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में…
इस मंत्र का करें जाप
शास्त्रों के मुताबिक, अजा एकादशी के दिन ‘‘उपेन्द्राय नमः, ॐ नमो नारायणाय मंगलम भगवान विष्णु, मंगलम गरुणध्वजः। मंगलम पुण्डरीकाक्ष, मंगलाय तनोहरिः।।” मंत्र का जाप करना चाहिए। इस मंत्र का जाप करने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और सुख समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं। हर कार्य में सफलता मिलती है।
चंदन और केसर का करें उपाय
शास्त्रों में भगवान विष्णु और लक्ष्मी पूजा में चंदन और केसर का विशेष महत्व बताया गया है। अजा एकादशी के दिन भगवान विष्णु का को पीले चंदन और केसर में गुलाब जल मिलाकर तिलक करें। साथ ही खुद भी माथे पर टीका लगाएं। ऐसा करने से आपके सभी कार्य बनने लगेंगे। साथ ही आर्थिक तरक्की होगी।
संतान प्राप्ति के लिए करें ये उपाय
अजा एकादशी पर सुबह स्नान करके हो सके तो पीले वस्त्र धारण करें। साथ ही श्रीहरि विष्णु की पूजा-उपासना करें और उन्हें पीले फूलों की माला अर्पित करें। वहीं भगवान विष्णु के मंत्र ऊं नमो भगवते वासुदेवाय नम: का जाप करें। ऐसा करने से आपके संतान प्राप्ति के योग बनेंगे।
दक्षिणावर्ती शंख से करें अभिषेक
दक्षिणावर्ती शंख में मां लक्ष्मी का वास माना जाता है। इसलिए अजा एकादशी पर दक्षिणावर्ती शंख में कच्चा दूध और केसर भरकर भगवान विष्णु का अभिषेक करें। ऐसा करने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। साथ ही घर में मां लक्ष्मी का वास रहेगा।
पीपल के वृक्ष पर जल करे अर्पित
एकादशी के दिन पीपल के वृक्ष को जल अर्पित करें और वहां पर दीपक जलाएं। पीपल के पेड़ में भगवान विष्णु का वास माना जाता है। ऐसा करने से आपको भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त होगा। धन-धान्य में वृद्धि के साथ मनोकामनाएं भी पूर्ण होंगी।