Vidur Niti: महात्मा विदुर को धर्मराज का अवतार माना जाता है। विदुर की गिनती महाभारत (Mahabharat) के मुख्य पात्रों में से एक के रूप में होती है। धर्म और नीतियों के ज्ञाता विदुर का जन्म एक दासी के गर्भ से हुआ था जिस कारण उन्हें राजा बनने का अधिकार नहीं था। पर वो हर समय महाराष्ट्र धृतराष्ट्र को ज्ञान का पाठ पढ़ाते रहते थें। सिर्फ महाराज ही नहीं बल्कि पितामह भीष्म भी कोई जरूरी फैसला लेने से पहले विदुर से सलाह मशविरा अवश्य करते थे। पांडव और कौरव दोनों ही अपने काका विदुर के असीमित ज्ञान के भंडार से भली-भांति परिचित थे और उनके द्वारा कही गई बातों का अनुसरण भी करते थे। वर्तमान परिवेश में भी इनकी नीतियों को काफी कारगर माना जाता है। विदुर के अनुसार जो लोग सही-गलत में भेद नहीं कर पाते हैं, उनसे दूरी बना लेनी चाहिए-
लापरवाह इंसान से न बनाएं संपर्क: विदुर की नीतियों के अनुसार लापरवाह लोगों से दूरी बनाए रखने में ही भलाई है। ऐसे लोगों को सही-गलत के बीच का अंतर नहीं पता होता जिस कारण ये अक्सर परेशानी में फंस जाते हैं। लापरवाह लोगों के साथ रहने पर उनकी असावधानी का खामियाजा आपको भी भुगतना पड़ सकता है। गंभीर स्थिति में लापरवाह लोगों के साथ रहने से दूसरे व्यक्तियों की जान पर बात बन आती है।
अधिक गुस्सैल लोगों से रहें दूर: वैसे लोग जिन्हें हर छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आता हो, उनसे भी दूर रहने में ही भलाई है। जो लोग किसी भी बात पर दूसरों पर हमला कर दे या बिना किसी कारण नुकसान पहुंचाए, उनके साथ रिश्ता रखने का कोई मतलब नहीं है। ऐसे लोगों के संपर्क में रहने से दूसरों को केवल पछताना पड़ेगा। अधिक गुस्सैल प्रवृत्ति के लोगों को अच्छे-बुरे की समझ नहीं होती है। क्रोधित होने पर वो किसी का भी बुरा कर सकते हैं। ऐसे में इन लोगों को भी भविष्य में कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
नशा करने वाले लोग: विदुर नीति के मुताबिक नशे में रहने वाले लोगों को भी सही और गलत के बीच का ज्ञान नहीं मालूम होता है। कई बार ये लोग नशे में धुत होकर ऐसा काम कर देते हैं जो उनके लिए परेशानी खड़ा कर देता है। यही नहीं, नशा करने वाले लोगों के संपर्क में रहने वाले व्यक्ति भी कई बार इनके द्वारा किए गए गलत कार्यों की सजा भुगतते हैं।
जल्दबाजी में रहने वाले लोग: विदुर नीति के अनुसार, जल्दबाजी में रहने वाले व्यक्ति को भी सही-गलत का अंतर नहीं पता चलता है। वह हर काम को तुरंत करने के चक्कर में अच्छे और बुरे में भेद किए बगैर कई ऐसे काम को अंजाम देता है जो भविष्य में उसकी परेशानियों का कारण बन सकती है। अपना काम जल्दी निपटाने के लिए लोग शॉर्टकट तरीका अपनाने से भी नहीं चूकते। ऐसे में हर समय जल्दबाजी में रहने वाले व्यक्ति से अधिक मेल-जोल बढ़ाने के कारण हो सकता है कि आप भी मुसीबत में फंस जाएं।

