वास्तु शास्त्र (Vastu Shastra) में जीवन को सकारात्मक बनाने के लिए कई प्रकार के उपाय बताए जाते हैं। कहते हैं इन उपायों को अपनाने से जीवन के कष्टों का निवारण हो जाता है। लेकिन लोग उपायों पर तो ध्यान दे लेते हैं मगर उन गलतियों पर ध्यान नहीं देते जिनकी वजह से परेशानियां और भी अधिक बढ़ जाती हैं। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कुछ ऐसी चीजों के बारे में जिनके घर में होने से आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है। ये चीजें घर में वास्तु दोष उत्पन्न करती हैं। अगर इनकी तरफ ध्यान न दिया जाए तो किसी भी तरह के उपाय करने से कोई लाभ नहीं मिलता।
वास्तु अनुसार अगर घर में कबूतर का घोंसला बना हुआ है तो ऐसे में उस घर के सदस्य कभी तरक्की नहीं कर सकते। ऐसे में अपने घर में कबूतर का घोसला न बनने दें। क्योंकि इससे आर्थिक तरक्की में रुकावट आती है। बहुत से लोगों को घर में पेड़-पौधे लगाने का शौक होता है लेकिन वो इस तरफ ध्यान नहीं देते कि कौन सा पौधा लगाना शुभ रहेगा और कौन सा अशुभ। लोग अपनी पसंद का कोई भी पौधा लगा देते हैं। लेकिन वास्तु अनुसार घर में पौधा लगाते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। घर में कभी भी कांटेदार और ऐसे पौधे नहीं लगाने चाहिए जिनसें दूध जैसा द्रव्य निकल रहा हो।
घर में कभी भी टूटे-फूटे सामान और बर्तन भी नहीं रखने चाहिए। कहते हैं इन बर्तनों में खाना खाने से दरिद्रता आती है। वास्तु अनुसार टूटे हुए बर्तन घर में नकारात्मक ऊर्जा पैदा करते हैं। जिससे घर-परिवार के लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इन बर्तनों को तुरंत घर से निकाल दें। अगर स्टील का बर्तन थोड़ा सा भी चटक गया है तब भी उसे घर में न रखें।
अक्सर लोग अपने घर के मेनगेट पर जूते-चप्पल उतारते हैं। जिससे वहां जूते-चप्पलों का ढेर लग जाता है। वास्तु के हिसाब से ऐसा करना बिल्कुल गलत माना गया है। घर के दरवाजे को हमेशा साफ रखना चाहिए। क्योंकि माता लक्ष्मी ऐसे घर में ही आगमन करती हैं जहां साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाता है। इसी के साथ इस बात का भी ध्यान रखें कि घर में कभी भी टूटी हुए चप्पल और जूते न रखें। इससे भी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है। (यह भी पढ़ें- चाणक्य नीति: इन 4 चीजों में कभी न करें शर्म, नहीं तो बाद में पड़ सकता है पछताना)
वास्तु अनुसार घर में कभी भी बंद या खराब घड़ी या फिर कोई भी खराब इलेक्ट्रॉनिक गैजेट भी नहीं रखना चाहिए। ऐसा करने से घर-परिवार के सदस्यों की तरक्की में बाधा उत्पन्न होती है। अगर आपके घर में ऐसी चीजें पड़ी हैं तो उसे तुरंत निकाल दें। (यह भी पढ़ें- शनि ग्रह की प्रिय राशियों के लिए कैसा रहेगा साल 2022, क्या करियर में मिलेगी तरक्की? जानिए)
घर में कभी भी दो झाड़ू नहीं रखनी चाहिए। ऐसा करने से घर-परिवार के सदस्यों में कलह का माहौल बना रहता है। जिससे किसी की भी तरक्की नहीं हो पाती। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें कि घर में कभी भी टूटी हुई झाड़ू भी इस्तेमाल न करें। इससे धन हानि होने की संभावना रहती है।
