सावन का महीना हिंदू धर्म में बड़ा ही पवित्र माना गया है। यह महीना भगवान शिव को समर्पित है। भक्त बड़ी ही श्रद्धाभाव से भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं। सावन महीने में व्रत रखने का भी विशेष महत्व बताया गया है। कहते हैं कि सावन में जो लड़कियां विधि के अनुसार व्रत रखती हैं, उन्हें मनाचाहे जीवनसाथी की प्राप्ति होती है। उल्लेखनीय है कि साल 2018 के सावन मास को बेहद ही खास बताया जा रहा है। 19 साल बाद ऐसा संयोग बना है, जब सावन का महीना पूरे 30 दिनों का होगा। सामान्य तौर पर सावन का महीना 28 या 29 दिनों का होता है, जिसमें 4 सोमवार आते हैं।
बता दें कि पूर्णिमा की गणना के अनुसार इस बार भी 4 सोमवार ही होंगे। हालांकि संक्रांति की गणना के हिसाब से देखें तो 30 दिनों के सावन के महीने में कुल 5 सोमवार पड़ रहे हैं। मालूम हो कि हिंदू धर्म में सोमवार का दिन शिव जी को समर्पित किया गया है। ऐसी मान्यता है कि सोमवार को शिव की आराधना करने से उनकी कृपा बरसती है। इन सबके बीच सावन का महीना शिव भक्तों के लिए बहुत ही खास होता है। सावन में आपको गेरुए वस्त्र में कांवड़ ले जाते कांवड़िए, हरे रंग की चूड़ियां और हाथों में मेहंदी लगाए महिलाएं, शिव जी के मंदिर की चौखट पर लंबी कतारें इत्यादि दिखाई देंगी।
बता दें कि इस साल सावन की शुरुआत 28 जुलाई से हो रही है। इस बार महीने का पहला सोमवार 30 जुलाई को पड़ रहा है। ऐसे में शिव भक्त 30 जुलाई को व्रत रख सकते हैं। मालूम हो कि सावन के पहले और आखिरी सोमवार को व्रत रखने का विशेष प्रचलन है। शिव भक्त अपनी प्रार्थना से उन्हें खुश करने की कोशिश करते हैं। ऐसा माना जाता है कि शिव जी सावन महीने में भक्तों की श्रद्धा देखकर बहुत जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं। और अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करते हैं।