रांची के कुबासाल गांव में एक युवक हाथियों के संग सेल्फी लेने के चक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हाथी ने उसे उठाकर पटक दिया। उसे रिम्स ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

दोस्तों के साथ गया था सेल्फी लेने
युवक की पहचान करम मुण्डा के रूप में हुई। वह शनिवार शाम करीब चार बजे कुछ दोस्तों के साथ सेल्फी लेने गया था। इस दौरान एक विशालकाय जंगली हाथी ने उसे काफी ऊंचाई तक उठाकर पटक दिया। लोगों के शोर मचाने के कारण हाथी भाग निकला। बताया जा रहा है कि प्रखंड मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित कुबासाल जंगल में हाथियों के आने से लोग काफी दहशत में हैं।

 

साप्ताहिक बाजार के आसपास घूमता रहा हाथियों का झुंड
लोगों के मुताबिक, कुबासाल में लगने वाले साप्ताहिक बाजार के आसपास शनिवार को हाथियों का झुंड मंडराता रहा। इस झुंड में 10 हाथी शामिल हैं। तमाड़ वन क्षेत्र पदाधिकारी अमरनाथ भगत ने बताया कि घायल युवक का इलाज कराया जा रहा है। वहीं, हाथियों को भगाने के लिए सायरन युक्त वाहन के साथ विशेषज्ञ टीमों को लगाया गया है।