यूपी के अमेठी जिले में भूमि के झगड़े में एक व्यक्ति ने पति-पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला। इस दौरान बीच-बचाव करने में जुटीं चार महिलाएं भी घायल हो गईं। मामूली बात पर हुए विवाद ने दो लोगों की जान ले ली। घटना से क्षेत्र में तनाव है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल करने में जुट गई है।
पहले भी हो चुका है झगड़ा : घटना जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के गोयन गांव में शुक्रवार (4 अक्टूबर) को हुई। गांव के गफ्फार अली और वाजित अली के बीच काफी समय से भूमि का विवाद चल रहा था। इसको लेकर पहले भी कहासुनी और झगड़े होते रहे हैं। शुक्रवार की सुबह एक बार फिर दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के सामने आ गए और विवाद करने लगे।
बात बढ़ी तो सामने आ गया पोता : जब बात बढ़ी तो गफ्फार का बेटा मुनव्वर भी सामने आ गया। उसने पास में ही नहा रहे अपने चचेरे बाबा वाजिद अली पर पहले वार करके काट डाला। फिर खेत में खड़ी उसकी पत्नी समीना पर भी कुल्हाड़ी से हमला करके उसे भी मार डाला। दोनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के वक्त मुनव्वर बेरहमी से वार करके मौके से फरार हो गया।
चाची और बहनों पर भी किया हमला : इस बीच वहां पर चार अन्य महिलाएं उसको रोकने पहुंची तो उन्हें भी घायल कर दिया। इनके नाम मोमिना, फातिमा, नहरूल और जहरूल हैं। इनमें से दो सगी चाची और दो चचेरी बहनें हैं। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, एएसपी दयाराम सरोज और सीओ राजकुमार सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली।
