संभल में 24 नवंबर को हिंसा हुई थी। इसके बाद पुलिस सख्त हो गई है और उपद्रवियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसी क्रम में संभल में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया और ताबड़तोड़ छापेमारी की। अहम बात यह है कि पुलिस का यह अभियान सपा सांसद जियाउर रहमान बर्क के घर के आसपास के क्षेत्रों में चलाया गया। इसके अलावा संभल में बुलडोजर एक्शन भी जारी है। अवैध निर्माणों पर प्रशासन बुलडोजर चला रहा है।

पुलिस चला रही ऑपरेशन

इस अभियान में एसपी, एसएसपी भी शामिल हैं और वही पुलिस टीम को लीड कर रहे हैं। इसके अलावा RAF, RRF और PAC के जवानों की भी तैनाती की गई है। इससे पहले मंगलवार को पुलिस ने ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस को अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद मिले। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद संभल में सख्त ऑपरेशन का निर्देश दिया है। सूत्रों के अनुसार सपा सांसद जियाउर रहमान बर्क के घर के आसपास सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने दो हिस्ट्रीसीटरों को गिरफ्तार किया और 13 घरों में छापेमारी की।

संभल में सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ड्रोन का भी इस्तेमाल कर रही है। जहां भी छापेमारी हो रही है, वहां पर और उसके आसपास के क्षेत्र में ड्रोन उड़ रहे हैं। पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले क्या मंदिर-मस्जिद जैसे मुद्दों को जानबूझकर उठाया जा रहा है?

डिप्टी कलेक्टर की अगुवाई में चलाया गया अभियान

संभल के शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत डिप्टी कलेक्टर की अगुवाई में एक अभियान चलाया गया। इसमें फुटपाथ पर अवैध रूप से बनी अस्थाई दुकानों को तोड़ा गया। जिन इलाकों में कार्रवाई की गई, वहां से सपा सांसद का घर कुछ ही मीटर की दूरी पर है। संभल में बुधवार सुबह नगरपालिका की टीम जवानों के साथ बुलडोजर लेकर सीता रोड पर पहुंच गई। यहां पर दुकानदारों से टीम की नोकझोंक भी हुई। हालांकि प्रशासन ने बुलडोजर एक्शन पूरा किया।

बता दें कि शहर के सीता रोड गेट से शमशान घाट तक फैले अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। फुटपाथ पर अस्थाई दुकानों समेत अवैध निर्माणों को गिराया गया। अभियान डिप्टी कलक्टर विनय कुमार और ईओ कृष्ण कुमार सोनकर की अगुआई में चलाया गया। निशान लगाने के बाद कई लोगों ने खुद अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। पढ़ें संभल हिंसा के पीड़ित परिवारों से मिले राहुल गांधी