UP News: अगर आप उत्तर प्रदेश में रहते हैं तो आपके लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने काम की खबर दी है। सरकारी कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छुट्टी की घोषणा कर दी है। पहले उत्तर प्रदेश में शनिवार और रविवार को दशहरे की छुट्टियों का ऐलान किया गया था, लेकिन शुक्रवार को महानवमी को देखते हुए सरकारी ऑफिस में छुट्टी की मांग की जा रही थी। इसी के मद्देनजर योगी आदित्याथ ने शुक्रवार को भी छुट्टी का ऐलान कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऐलान के बाद में अब सरकारी ऑफिस शुक्रवार को भी बंद रहेंगे। जरूरी सेवाओं को छोड़कर तमाम कार्यालय में महानवमी की छुट्टी रहेगी। नवदुर्गा की अष्टमी और महानवमी को लेकर हुए कन्फ्यूजन के चलते सरकार ने गजट में महानवमी की छुट्टी शनिवार 12 अकटूबर को घोषित की थी जबकि शास्त्रीय गणना के मुताबिक 11 अक्टूबर को नवमी है।
आठ लाख कर्मचारियों को मिली राहत
उत्तर प्रदेश के राज्य कर्मचारियों को महानवमी का अवकाश नहीं मिल रहा था। नवमी शुक्रवार को ही है। जबकि छुट्टी शनिवार को घोषित करने से संगठनों में गुस्सा था। महीने के दूसरे शनिवार को छुट्टी घोषित थी। सेकंड सटर्डे को वैसे भी छुट्टी होती है। ऐसे में राज्य के सभी आठ लाख कर्मचारियों की छुट्टी खराब हो गई थी।
पंजाब सरकार ने दो दिनों की छुट्टी का किया ऐलान, जानें क्यों लिया फैसला
कर्मचारी सरकार से शुक्रवार को महानवमी की छुट्टी घोषित करने की डिमांड कर रहे थे। अब सभी कर्मचारियों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुन ली है। छुट्टी होने से 8 लाख कर्मचारियों को बहुत बड़ी राहत मिल गई है। इससे कर्मचारियों में खुशी की लहर है। अब वे महानवमी के अवसर पर घरों पर रहकर त्योहार का लाभ उठा पाएंगे।
सरकारी स्कूलों में भी छुट्टी का ऐलान
बता दें कि सरकारी स्कूलों में भी छुट्टी की घोषणा हो गई है। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से पहले ही शुक्रवार को महानवमी के मौके पर छुट्टी का ऐलान किया गया था। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह की तरफ से यह जानकारी दी गई थी। इसके बाद विभाग की ओर से पत्र जारी किया गया। अब विभागीय कर्मचारियों की छुट्टी से भी राहत मिल गई है।