उत्तर प्रदेश में एक महिला को घर में घुसकर तीन बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया। जिससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं इस घटना के पीछे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। लेकिन स्थानीय लोग इसे पैसे का लेनदेन बता रहे हैं। वहीं पुलिस की गिरफ्त से आरोपी फिलहाल बाहर हैं।
कहां की है घटना: दरअसल ये घटना आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र की हैं। जहां तीन बदमाशों ने घर का दरवाजा खटखाया और जैसे ही महिला ने अपना पति समझकर दरवाजा खोला तभी तीनों लोगों ने उस पर मिट्टी का तेल उड़ेल दिया और आग लगा दी।। घटना शनिवार रात की है जब महिला का पति एक शादी समारोह में गया था। जलती चीखती महिला सड़क पर पहुंची जहां आसपास के लोगों ने आग बुझाई और झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती करवाया। झुलसी महिला का नाम गीता है जो बीपी सिंह की पत्नी हैं। बीपी सिंह का गांव के ही कुछ लोगों से लेनदेन का विवाद है।
तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर: पड़ोसियों ने घटना की जानकारी बीपी सिंह को दी। जिसके बाद बीपी सिंह ने पुलिस में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। इन तीनों का नाम जवाहर, संजय और हरिओम बताया जा रहा है। वहीं इस पूरे मामले पर एसपी देहात नित्यनंद राय का कहना है कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।