महाराष्ट्र के पुणे से एक अजीब ही वाक्या सामने आया है। शॉर्ट्स पहनने के कारण महिलाओं की चप्पल से पिटाई करने की बात सामने आई है। इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुणे पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ कथित तौर पर किराए के मकान में घुसने और शॉर्ट्स पहनने पर तीन महिलाओं की पिटाई करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। घटना बुधवार को खराड़ी के रशाक नगर में हुई। अपार्टमेंट में पेइंग गेस्ट के रूप में रहने वाली तीन महिलाओं में से दो आईटी पेशेवर हैं और खराड़ी में आईटी पार्क में काम करती हैं।

मिली जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय महिला मकान मालकिन ने गुरुवार को चंदन नगर थाने में लोगों के एक समूह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी। जिसमें से छह आरोपियों की पहचान अलका पठारे, सचिन पठारे, केतन पठारे, सीमा पठारे, शीतल पठारे और किरण पठारे के रूप में की गई है। इन आरोपियो पर आईपीसी की धारा 448, 323, 504, 506, 143, 147, 149 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

चंदन नगर थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील जाधव ने मामले की जानकारी देते हुए कहा- ”पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर आरोपितों और शिकायतकर्ता के बीच छोटे-मोटे झगड़े होते रहे हैं.. बुधवार को महिला किराएदार को शॉर्ट्स पहनकर घूमने को लेकर झगड़ा हो गया।

शिकायत के अनुसार, आसपास के रहने वाले आरोपी कथित रूप से इसलिए नाराज थे क्योंकि महिलाओं ने शॉर्ट्स पहनी थी। इसके साथ ही शॉर्ट्स पहनकर वो इलाके में घूम रही थी। जिसके कारण आरोपी नाराज थे। बुधवार रात करीब 10:15 बजे, आरोपी, शिकायतकर्ता से अनुमति लिए बिना कथित तौर पर उनके घर में घुस गए, लड़कियों को जूते और चप्पलों से पीटा। इसके साथ ही उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उसके घर को तोड़ने की धमकी भी दी।

सहायक पुलिस निरीक्षक मनोहर सोनवणे ने कहा कि मामले में जल्द ही गिरफ्तारियां की जाएंगी। वहीं मौके से पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिल गई है। जिससे आरोपियों की पहचान होने में आसानी हुई है।