उत्तर प्रदेश के सीतापुर में चार महिलाओं पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज हुआ है। इनमें से नीतू सिंह नाम की एक महिला ने सीएम योगी आदित्य नाथ की तस्वीर से शादी की थी। सीतापुर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीतू सिंह और उनकी साथियों पर आरोप है कि उन्होंने सीएम का काफिला रोका। जिसके चलते उन पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करवाया गया है। फिलहाल ये चारों 14 दिन की न्यायिक हिरासत में हैं। ये चारों महिलाएं आंगनबाड़ी कर्मचारियों के अधिकारों के लिए प्रदर्शन कर रही थीं। योगी आदित्यनाथ जब नैमिष्य शंखनाद के कार्यक्रम में जा रहे थे तो इन महिलाओं ने उनका काफिला रोकने की कोशिश की। इससे पहले इनकी अध्यक्ष नीतू सिंह ने शुक्रवार को योगी की तस्वीर से सांकेतिक तौर पर शादी की थी। इसके बाद कहा था कि या तो योगी उन्हें साथ ले चलें या आंगनबाड़ी कर्मचारियों को 15,000 महीने का भत्ता दें।
योगी आदित्य नाथ की तस्वीर से शादी करने वाली नीतू सिंह ने कहा था कि मैंने उन्हें अपना पति मान लिया है। एक पति अपनी पत्नी की सभी मांगें पूरी करता है इसलिए योगी जी भी मेरी बात मानें। नीतू सिंह ने योगी की तस्वीर के साथ शादी करते हुए बकायदा सारी रस्में निभाई थीं। इस शादी में आंगनबाड़ी महिलाएं ही घराती भी थीं और बाराती भी थी। इन महिलाओं का कहना था कि या तो योगी उनकी मांगें पूरी करें या फिर हम उनका घेराव करेंगे।
अब पुलिस का कहना है कि इन महिलाओं ने बार-बार रास्ता जाम किया, कई बार मना करने के बाद भी प्रदर्शन किया तो इनके खिलाफ इन धाराओं में कार्यवाई की गई है। जबकि नीतू सिंह का कहना है कि साजिश के तहत उन्हें बातचीत करने बुलाया और देशद्रोह का आरोप लगाकर जेल भेज दिया।