हैदराबाद में छेड़छाड़ से परेशान होकर महिला इंजीनियर ने खुद ही आरोपी को सबक सिखा डाला। हालांकि, इसके लिए उसने कानून की परवाह तक नहीं की और छेड़छाड़ करने वाले को किडनैप करके उसके साथ मारपीट भी की। अब पुलिस ने महिला और उसके 5 दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह है मामला : महिला इंजीनियर ने पुलिस को बताया कि काफी समय से एक शख्स मेरा पीछा कर रहा था। साथ ही, वह फोन करके और मैसेज भेजकर भी परेशान कर रहा था। महिला ने आरोपी को कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। महिला को परेशान करने वाला शख्स पेशे से कारपेंटर (बढ़ई) है।
पीड़िता ने लिया यह फैसला : जांच में पता चला कि आरोपी बढ़ई ने महिला को उनके एक दोस्त के घर देखा था। वह वहां काम करने गया था। इसके बाद वह पीड़िता का पीछा करने लगा। उसने धीरे से महिला इंजीनियर का फोन नंबर पता कर लिया और बार-बार कॉल करने लगा। साथ ही, अश्लील मैसेज भी भेजे। महिला ने थाने में शिकायत दर्ज की जगह खुद ही उसे सबक सिखाने की ठान ली।
पहले बुलाया, फिर पीटा : महिला इंजीनियर ने अपने 5 दोस्तों के साथ मिलकर छेड़छाड़ करने वाले को किडनैप करने की योजना बनाई। उसने कारपेंटर को सिकंदराबाद में एक कॉलेज के पास बुलाया। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, महिला ने उसे धुन डाला। इसके बाद इंजीनियर के दोस्तों ने भी उसकी पिटाई की।
किसी तरह बचकर भागा कारपेंटर : महिला और उसके दोस्त आरोपी बढ़ई को बाइक से एक सुनसान जगह ले गए, जहां दोबारा उसकी पिटाई की गई। हालांकि, इस दौरान वह किसी तरह भाग निकला और अस्पताल पहुंच गया। डॉक्टरों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पूछताछ में बढ़ई ने सारी बातें कबूल लीं। इसके बाद पुलिस ने महिला इंजीनियर और उसके पांचों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, उनके खिलाफ अपहरण व हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया गया।

